Kannauj News: दो पक्षों के बीच मारपीट, जमकर चले लाठी-डंडे, दो महिलाओं समेत छह लोग घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई।

कन्नौज में दो पक्षों में जमकर मारपीट के बाद दोनों ओर लाठी-डंडे चले। जिसमें दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा।

कन्नौज, अमृत विचार। भूमि विवाद को लेकर सिमरापुर गांव में दो पक्षों के बीच लाठी डंडे चलने से दोनों पक्षों से दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गये। मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा है। 

सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिमरापुर में भूमि विवाद को लेकर गुरुवार को दो पक्ष आमने सामने आ गये। विवाद भूमि को कब्जा करने का था। बताते हैं कि जिस भूमि का विवाद चल रहा है उस पर गांव के ही निवासी जसमंत के पेड़ खड़े हैं। भूमि दूसरे पक्ष के राम सनेही की है जिसे कब्जा करने के लिए कुछ दिन पहले कुछ पेड़ों को नष्ट कर दिया गया था। मामले में पेड़ों पर मालिकाना हक जताने वाले जसमंत पक्ष की ओर से रिपोर्ट सदर कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच पुलिस कर रही है। 

गुरुवार को उसी भूमि पर कब्जा करने के लिए राम सनेही पक्ष के लोग जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच कर लगे पेड़ नष्ट करने लगे। उसी समय जानकारी होने पर दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। गालीगलौज के साथ लाठी डंडे चलने लगे।

एक पक्ष से सूरज देवी पत्नी जसमंत, प्रमोद पुत्र जसमंत, मनीष पुत्र रामपाल व दूसरे पक्ष से रेखा पत्नी अशोक कुमार, कमलेश पुत्र राम सनेही, अमित पुत्र अशोक घायल हो गये। मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट करने व जान से मार देने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। दोनों पक्षों को जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए लेजाया गया।

संबंधित समाचार