Etawah News: युवक ने पिस्टल से खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, फोन पर बात करते समय घटना को दिया अंजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में युवक ने पिस्टल से खुद को गोली मारकर की आत्महत्या।

इटावा में युवक ने पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। फोन पर बात करते समय युवक ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।

इटावा, अमृत विचार। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चंदेठी में बुधवार की रात्रि एक युवक ने पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के पीछे के कारणों के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। 

किसान अशोक कुमार यादव के पुत्र अभिषेक उर्फ राहुल यादव 28 वर्ष ने गांव में खेतों पर बने अपने परिजनों की समाधिस्थल पर पहुंच कर पिस्टल से खुद को गोली मार ली। समाधिस्थल की ओर रात्रि में गोली चलने की आवाज सुन कुछ ग्रामीण व परिजन दौड़ पड़े। मौके पर पहुंच कर राहुल का शव पड़ा देखा तो ग्रामीण सहित परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अभिषेक खेती किसानी के अलावा अपनी आटा चक्की पर कार्य करके परिजनों का भरणपोषण करता था।

 घटना से पूर्व फोन पर किसी से बात करता हुआ समाधिस्थल की ओर गया था। मृतक राहुल का इकलौता पांच साल का बेटा राघव है, दुःखद घटना के बाद से राहुल की पत्नी अलका यादव सहित माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।

मृतक के पिता अशोक कुमार ने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र सौंप कर अग्रिम कार्यवाही की गुहार लगाई है। उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक राहुल के पिता ने पुत्र द्वारा खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर लेने के संबंध में प्रार्थना पत्र सौंपा है।

संबंधित समाचार