हरदोई: साहब...पुलिस वाले हफ्ता वसूली का बना रहे दबाव! बहन-बेटियों से करते हैं छेड़छाड़, कांशीराम कालोनी के लोगों ने लगाया आरोप
हरदोई। हफ्ता वसूली के लिए दबाव बनाते हुए घर में घुस कर बहन-बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने वाले सिपाहियों का किस्सा एसपी के कानों तक पहुंच गया है। गरीबों की बस्ती कही जाने वाली कांशीराम कालोनी के बाशिंदों ने दुखड़ा सुनाते हुए कहा है कि उधर के हल्के में तैनात सिपाही आए दिन डरा-धमका कर वसूली कर रहें हैं।
इतना ही नहीं उनके ऊपर हफ्ता वसूली का दबाव बनाते हुए घर में घुस कर बहन-बेटियों के साथ छेड़छाड़ की जाती है और तो और आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेजने के लिए धमकाया जा रहा है। बताया गया है कि कोतवाली देहात के तहत आने वाली कांशीराम कालोनी में रहने वाले दर्जनों लोगों ने एसपी को आईजीआरएस के जरिए भेजी चिट्ठी में देहात कोतवाली में तैनात सिपाहियों पर आरोप लगाया है कि वे आए दिन सादी वर्दी मे काशीराम कालोनी में पहुंच कर वहां के रहने वालों को धमकाते हैं।
वहां की गीता, मधु, राजन, रानी, राम देवी, सुमन, रजनी, विद्या देवी, पूजा, सरताज, नीलम, विक्की, विकास गुप्ता, सरोजनी गुप्ता, इसहाक,सर्वेश, रामू, हसीब, प्रिंस गुप्ता,सचिन,आशीष, पिन्कू, पिंटू व अंकित आदि लोगों का कहना है कि उन्हें बे-वजह मां-बहन की गालियां देना, जबरन तमंचा हांथ मे पकड़ा कर उनसे पैसा वसूलने व मारपीट करके छोड़ना उनका रोज़ का धंधा बन गया है।
जब कोई विरोध करता है तो उसके घुस कर बहन-बेटियों से छेड़छाड़ तक करने पर उतारू हो जाते हैं। वहां सब्ज़ी या मेमोज़ का ठेला लगा कर गुज़र-बसर करने वाले गरीबों से हफ्ता वसूली के लिए धमकाया जा रहा है। उन गरीबों ने डीएम और एसपी के अलावा मुख्यमंत्री को भी अपना दुखड़ा सुनाया है।
यह भी पढ़ें:-प्रतापगढ़: पंचायत सहायक का शव रखकर परिजनों ने किया घंटों प्रदर्शन, आश्वासन पर माने
