Kanpur: मदरसे की छात्रा की मौत, मौलाना पर रेप का आरोप, परिजनों ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग
कानपुर के एक मदरसे में छात्रा की मौत।
कानपुर के एक मदरसे में छात्रा की मौत हो गई। परिजनों ने मौलाना पर रेप के आरोप लगाए। इसके साथ ही परिजनें ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
कानपुर, अमृत विचार। पटकापुर के एक मदरसे में पढ़ने वाली छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बेटी के साथ मदरसे के मौलाना पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराकर आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
कर्नलगंज में रहने वाली एक छात्रा के पिता ने पुलिस कमिश्नर डॉ आर के स्वर्णकार को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बेटी पिछले 15 वर्षों से पटकापुर स्थित एक मदरसे में आलिमा का कोर्स कर रही थी। पढ़ाई करने के साथ वहीं रहती भी थी। बताया कि नौ अगस्त को रात करीब दो बजे उन लोगों के पास मदरसे से फोन आया जिसमें सूचना मिली कि उनकी पुत्री के सिर में चोट आ गई है उसे हैलट ले जाया जा रहा है।
छात्रा के माता-पिता हैलट पहुंचे जहां मदरसे के लोगों ने उनकी पुत्री के छत से गिरने की बात कही। उन्होंने अच्छे अस्पताल में इलाज की बात कही तो मदरसे वालों ने चुन्नीगंज स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती करा दिया जहां 35 दिन इलाज चला। इसके बाद उसे डिस्चार्ज कराकर घर ले आए। परिजनों का आरोप है कि घर पर पुत्री ने बताया कि मदरसे में मौलाना जो कमेटी के प्रबंधक भी हैं, उन्होंने उसके साथ गलत काम किया है।
विरोध करने पर मौलाना व एक अन्य ने उसके साथ मारपीट की जिससे उसे चोटें आईं। जब उन्होंने इस बात की शिकायत मदरसे के प्रमुख मौलाना व एक हाजी से की तो उन लोगों ने कहा कि पुत्री की दिमागी हालत ठीक नहीं है। इस संबंध में फीलखाना इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बिगड़ी हालत तो फिर कराया भर्ती
माता-पिता ने पुलिस कमिश्नर को बताया कि उनकी पुत्री की हालत दोबारा बिगड़ गई तो फिर नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां 10 सितंबर को पुत्री की मौत हो गई। मदरसे के लोगों ने जबरदस्ती कर उसके शव को बकरमंडी स्थित कब्रिस्तान में दफनवा दिया। मदरसे के लोगों ने बदनामी होने की बात कहकर धमकी दी। डर के कारण उन लोगों ने अब तक शिकायत नहीं की। उन्होंने सीपी से परिवार की सुरक्षा की भी मांग की।
