हरदोई: गन्ना तोड़ने पर बांका मार कर की गई थी छात्र की हत्या, पुलिस का खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मझिला पुलिस ने हत्यारोपी को घेराबंदी कर दबोचा, खुलासे के लिए लगाई गई थीं पुलिस की तीन टीमें

हरदोई। मझिला पुलिस ने चौथे दिन ही छात्र की हत्या कर शव गन्ने के खेत में फेंकने वाली वारदात का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने पारा तिराहे पर घेराबंदी कर हत्यारोपी को दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर खेत में छिपाया गया बांका भी बरामद कर लिया गया है। एसपी श्री गोस्वामी ने खुलासा करने वाली मझिला पुलिस टीम को 10 हज़ार रुपये का ईनाम दिया है।

एसपी केशव चन्द्र गोस्वामी ने बताया कि 26 सितंबर को मझिला थाने के नई बस्ती मजरा पारा निवासी रामबचन के 15 वर्षीय पुत्र मुकेश का शव शहाबुद्दीन के गन्ने के खेत में पड़ा हुआ देखा गया था। मझिला पुलिस ने शुक्रवार को पारा तिराहे के पास घेराबंदी कर हत्यारोपी इस्माइल उर्फ नंगा पुत्र शहाबुद्दीन निवासी मुजाहा थाना मझिला को दबोच लिया और उसकी निशानदेही पर खेत में छिपाया गया बांका भी बरामद कर लिया गया।

बताते चलें कि शव बरामद होने के बाद कराए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में गला काट कर हत्या किए जाने की बात कही गई थी। इसके अलावा उसके सिर पर भी धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए थे। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 302 का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वही इसका पता होते ही वहां पहुंचें एसपी केशव चन्द्र गोस्वामी ने हर एक पहलू से जांच की और खुलासे के लिए तीन टीमों को लगाए जाने के निर्देश दिए थे।

उसके बाद से पुलिस की टीमें खुलासे के लिए जुट गई। एसपी श्री गोस्वामी ने आगे बताया कि पुलिस की टीमें अॉपरेशन दृष्टि के तहत सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रहीं थीं।उसी कड़ी में करावां के जनसेवा केन्द्र में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे गए, जिसमें वारदात वाले दिन इस्माइल करावां की बाज़ार में था, जबकि उसके घर वालों ने उसके गांव में होने से इंकार किया था।

शुरुआती छानबीन में वारदात को अंजाम देने में इस्माइल का हाथ होना सामने आ रहा था,पुलिस की जांच भी उसी तरफ हो रही थी।मझिला पुलिस ने एसपी श्री गोस्वामी की बताई हुई गाइडलाइन पर चलते हुए चौथे दिन ही वारदात का खुलासा कर लिया। एसपी श्री गोस्वामी ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 10 हज़ार रुपये का ईनाम दिया है।

यह भी पढ़ें:-योगी रावण से बड़ा नहीं है! यति नरसिंहानंद गिरी के बिगड़े बोल, Video वायरल

संबंधित समाचार