शिक्षक आत्महत्या कांड: बीईओ, लिपिक व प्रधानाध्यापक के खिलाफ FIR दर्ज, बेटा बोला- पिता के दोषियों को दिलवाएंगे सजा
फर्रुखाबाद में शिक्षक के आतमहत्या करने पर बीईओ, लिपिक व प्रधानाध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज।
फर्रुखाबाद में शिक्षक के आतमहत्या करने पर बीईओ, लिपिक व प्रधानाध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। शिक्षक के बेटे ने कायमगंज कोतवाली में तहरीर दी।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। उच्च न्यायालय प्रयागराज के आदेश के बावजूद विद्यालय में दोबारा कार्यभार ग्रहण न कराए जाने व वेतन न मिलने पर शिक्षक ने गुरुवार को जहर खा कर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में शुक्रवार को मृतक के पुत्र ने खंड शिक्षाधिकारी कायमगंज समेत तीन लोगों के खिलाफ कायमगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काजम खां निवासी आशीष कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को कायमगंज ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी गिर्राज सिंह, बीएसए कार्यालय में तैनात वरिष्ठ लिपिक सुरेंद्रनाथ अवस्थी और उच्च प्राथमिक विद्यालय झब्बूपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक निर्देश कुमार गंगवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उनके पिता अनिल कुमार त्रिपाठी उच्च प्राथमिक विद्यालय झब्बूपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। उनकी नियुक्ति मृतक आश्रित के रूप में की गई थी। दस्तावेजों को फर्जी बता कर उसके पिता को बर्खास्त कर दिया गया था। इस पर उन्होंने उच्च न्यायालय का दरबाजा खटखटाया।
वर्ष 2016 में उच्च न्यायालय ने आदेश दिए थे कि सहायक अध्यापक अनिल त्रिपाठी को सवेतन बहाल किया जाए। कोर्ट से बहाली के बाद पिता दोबारा ज्वायनिंग के लिए जनपद के उच्चाधिकारियों के यहां 8 साल से चक्कर लगा रहे थे। 96 माह से उन्हें वेतन भी नहीं मिला था। 25 सितंबर को पिता अनिल कुमार त्रिपाठी ने इसकी शिकायत जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से की थी।
27 सितंबर को वह (आशीष त्रिपाठी) अपने पिता अनिल कुमार त्रिपाठी को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी गिर्राज सिंह से मिले थे। खंड शिक्षाधिकारी ने उनके सामने पिता के साथ गाली गलौज किया और अपमानित कर आत्महत्या के लिए उकसाया। इसी से क्षुब्ध होकर पिता अनिल कुमार त्रिपाठी ने 27 सितंबर की शाम को जहर खा लिया। लोहिया अस्पताल से गंभीर हालत में पिता को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
रास्ते में उनकी मौत हो गई। कायमगंज कोतवाली प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि आशीष त्रिपाठी की तहरीर पर खंड शिक्षा अधिकारी कायमगंज, वरिष्ठ लिपिक और प्रभारी प्रधानाध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय झब्बूपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
वहीं मृतक के पुत्र आशीष त्रिपाठी ने बताया कि अधिकारियों की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर पिता ने आत्महत्या की। उन्होंने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वह पिता के दोषियों को सजा दिलवाकर रहेंगे।
