अमरोहा: ससुर के खेत में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मृतक के पिता ने पत्नी, सास-ससुर और साले के खिलाफ दी तहरीर

मौके पर जांच करती पुलिस व जानकारी लेते विधायक।

हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। झुंडी माफी गांव में ससुराल आए करनपुर के युवक का शव ससुर के खेत में फंदे से लटका मिला। शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के पिता ने उसकी पत्नी, सास-ससुर और साले पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पुलिस और ग्रामीण आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं।

 सैदनगली क्षेत्र के गांव करनपुर में किसान श्याम सिंह का परिवार रहता है। उनका पुत्र परम सिंह भी खेती व मजदूरी करता था। 11 वर्ष पहले परम की शादी गांव झुंडी माफी निवासी लालमन की बेटी चंद्रवती से हुई थी। दंपति के पास नौ वर्ष का बेटा है। बताया गया कि कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच अनबन हो गई। तभी से चंद्रवती मायके में रह रही थी। गुरुवार को परम सिंह अपनी ससुराल गया था। यहां उसकी ससुरालियों से कहासुनी हो गई। इसके बाद परम सिंह कहीं चला गया।

 शुक्रवार सुबह खेतों पर जा रहे किसानों ने झुंडी खादर लिंक मार्ग पर लालमन के खेत की मेड़ पर खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ पर परम सिंह का शव लटका देखा। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हसनपुर व सैदनगली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पता चला कि घटनास्थल सैदनगली क्षेत्र में है। सैदनगली पुलिस शव  पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुटी।

 तभी परम सिंह के परिजन मौके पर पहुंच गए। इस बीच भाजपा विधायक महेंद्र सिंह खंडगवंशी भी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। मृतक के पिता श्याम सिंह ने उसकी पत्नी चंद्रावती, ससुर-सास व साले पर हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने चारों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मामला दर्ज करने की मांग की। थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा : बुखार से दो महिलाओं की मौत, एक में डेंगू की पुष्टि... लोगों में बीमारी की दहशत

संबंधित समाचार