अमरोहा : बुखार से दो महिलाओं की मौत, एक में डेंगू की पुष्टि... लोगों में बीमारी की दहशत
गजरौला क्षेत्र में अभी तक, 13 की मौत से लोगों में बीमारी की दहशत, हर रोज बढ़ रही मरीजों की संख्या, खाद गुर्जर गांव में 80 लोग बुखार से पीड़ित बताए जा रहे
मुजाबिरपुर में आशिया की मौत पर विलाप करतीं महिलाएं।
गजरौला (अमरोहा), अमृत विचार। जिले में बुखार व डेंगू जानलेवा हो गया है। शुक्रवार को गजरौला में बुखार से दो महिलाओं की मौत हो गई। इनमें से एक महिला को डेंगू की पुष्टि हुई थी। एक साथ दो मौतों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। क्षेत्र में बुखार से अभी तक 13 से ज्यादा मौत होने से लोगों में बीमारी की दहशत है।
मौसम में हो रहे बदलाव की वजह से वायरल कम नहीं हो रहा है। क्षेत्र के खाद गुर्जर गांव निवासी शिक्षक संतपाल सिंह की पत्नी उर्मिला को रविवार से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उसे मंडी धनौरा में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। इस दौरान संतपाल समेत अन्य परिवार वाले भी बुखार की चपेट में आ गए। गुरुवार को महिला की हालत ज्यादा खराब होने पर चिकित्सक ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान गुरुवार देर रात महिला की मौत हो गई।
बताया गया है कि जांच के दौरान उर्मिला को डेंगू की पुष्टि हुई थी। खाद गुर्जर गांव में बुखार से अब तक पांच महिलाओं की मौत और गजरौला क्षेत्र में 13 मौतें हो चुकी है। उधर, कुमराला बहादुरपुर गांव निवासी आदेश देवी को भी बीते कई दिन से बुखार था और उनका उपचार चल रहा था, लेकिन शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। इसके अलावा खाद गुर्जर गांव में 80 लोग बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं। इनका अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
खाद गुर्जर में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, घर-घर कराया सर्वे
गजरौला, अमृत विचार: खाद गुर्जर गांव में डेंगू व बुखार से अभी तक पांच महिलाओं की मौत हो चुकी है। गांव में सैकड़ों लोग बुखार से पीड़ित हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची तथा घर-घर सर्वे कराया। चिकित्साधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में 80 लोग बुखार से पीड़ित मिले हैं। खून की जांच के लिए 40 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। सभी को दवा वितरित की गई है। आगामी तीन दिन गांव में कैंप लगाकर ग्रामीणों को दवा वितरित की जाएगी।
ग्रामीण बोले- नहीं मिली जांच रिपोर्ट
गजरौला, अमृत विचार: दो महिलाओं की बुखार से मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खाद गुर्जर में शिविर लगाया था। इसमें खून की जांच के लिए ग्रामीणों के नमूने भी लिए गए थे। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम की लापरवाही के चलते उन्हें अभी तक भी जांच रिपोर्ट नहीं मिल पाई है।
मायके में बुखार के दौरान महिला की जान गई
मुबारिजपुर। आदमपुर क्षेत्र के गांव दढ़ियाल में आशिया पुत्री यासीन की दिमागी बुखार के कारण शुक्रवार को मौत हो गई। महिला 15 दिन से बीमार चल रही थी और मायके में ही रह रही थी। इस दौरान मायके वालों ने काफी उपचार कराया, लेकिन महिला की जान नहीं बच सकी। परिजनों के मुताबिक, आशिया की शादी संभल जनपद के बहजोई में लगभग तीन वर्ष पहले नासिर पत्र रईस के साथ की थी। परिजनों ने बताया कि वह काफी समय से बीमार थी। उसका उपचार भी कराया जा रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने के कारण आशिया ने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें :- रामपुर: भारोत्तोलन प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर के 'उज्जवल' और 'पप्पू' ने मारी बाजी
