संजय गांधी अस्पताल कर्मचारियों का आंदोलन जारी, मांगों के समर्थन में आवाज की बुलंद
मुंशीगंज/ अमेठी, अमृत विचार। संजय गांधी अस्पताल गेट पर कर्मचारियों का सत्याग्रह छठे दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने आवाज बुलंद करते हुए नारेबाजी की।
बीते 18 तारीख को शासन एवं प्रशासन की ओर से संजय गांधी अस्पताल का लाइसेंस निरस्त कर एवं सभी सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। संजय गांधी अस्पताल बंद होने के बाद वहां तैनात करीब 500 से अधिक कर्मचारी बेरोजगार एवं भुखमरी के कगार पर आ गए हैं। कर्मचारियों के सामने जब कुछ नहीं दिख रहा है तो वह सत्याग्रह कर अपनी आवाज शासन और सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
वरिष्ठ कर्मचारी अरविंद श्रीवास्तव और यूनियन के अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि अस्पताल को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। पीड़ित परिजनों से इलाज के नाम पर 70000 रुपए लेने और मरीज को लखनऊ मेदांता में छोड़कर भाग आने का आरोप निराधार है। कहा कि बीते 14 सितंबर को मुसाफिरखाना कोतवाली के गांव रामशाहपुर निवासी अनुज शुक्ला की पत्नी दिव्या शुक्ला पथरी का ऑपरेशन करने के लिए अस्पताल आई थी। ऑपरेशन थिएटर में जाने के बाद उनकी हालत गंभीर हुई तो उन्हें लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार के साथ हम लोगों की पूरी संवेदना है। दिव्या के परिजन कुल करीब 17000 रुपए ही जमा किए थे। जब पीड़ित परिवार परेशान हुए तो पीड़ित परिवार के दुख को देखते हुए अस्पताल प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को अस्पताल एवं लखनऊ में भी सहायता उपलब्ध कराई गई। अस्पताल का स्टाफ लखनऊ तक साथ गया।
कर्मचारियों ने कहा कि इस पर राजनीति करने के बजाय पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता सरकार की ओर से दिलाई जाए और कर्मचारी एवं क्षेत्र की जनता और मरीज का हित देखते हुए अस्पताल का संचालन कराया जाए। प्रतिदिन आने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तो वही बाजार में सैकड़ो दुकानदारों की रोजी-रोटी पर भी संकट आ गया है। कर्मचारी संघ एवं अस्पताल का पूरा स्टाफ सत्याग्रह आंदोलन कर रहे है। कर्मचारी मरीजों एवं अपनी रोजी-रोटी के संकट को देखते हुए आर पार की लड़ाई कर करने को तैयार हैं। अगर संजय गांधी अस्पताल का लाइसेंस बहाल नहीं किया जाता तो हम लोग अपनी अंतिम सांस तक आर पार की लड़ाई लड़ेंगे। सत्याग्रह स्थल पर कर्मचारियों ने उग्र रूप से नारेबाजी करते हुए लाइसेंस बहाली एवं संचालन की आवाज बुलंद की।
इस मौके पर संजय सिंह अरविंद श्रीवास्तव विनोद कुमारी सिंह विपिन श्रीवास्तव अवधेश तिवारी अनिल शुक्ला शिवांशु मंजू नायर शिव प्रकाश साधना कामाख्या गुड्डी देवी ममता समेत कर्मचारी संघ पैरामेडिकल स्टाफ नर्सिंग स्टाफ समेत कॉन्ट्रैक्ट वर्कर मौजूद रहे
ये भी पढ़ें -बहराइच : शतक पूरा करने वाले मतदाताओं को डीएम ने किया सम्मानित
