Kanpur News: पूर्व खिलाड़ी गोपाल शर्मा बने UPCA के उपाध्यक्ष, कार्यकारणी गठन को लेकर लिए गए ये फैसले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूर्व खिलाड़ी गोपाल शर्मा यूपीसीए के उपाध्यक्ष बनाए गए।

पूर्व खिलाड़ी गोपाल शर्मा यूपीसीए के उपाध्यक्ष बनाए गए। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की वार्षिक आमसभा कमला क्लब में हुई।

कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की वार्षिक आमसभा शनिवार को कमला क्लब में हुई। जिसमें पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर गोपाल शर्मा को यूपीसीए का उपाध्यक्ष बनाया गया। यूपीसीए की इंटरनेशनल मैच ऑर्गनाइजिंग कमेटी का राजीव शुक्ला को चेयरमैन पर एक साल कार्यकाल बढ़ाया गया। निधिपति सिंघानिया को को-चेयरमैन चुना गया है। कार्यकारणी गठन को लेकर कई अहम फैसले किए गए। 

यूपीसीए के कई पदों के लिए लोगों से आवेदन मांगा गया था। जिसमें उपाध्यक्ष पद के लिए पूर्व क्रिकेटर गोपाल शर्मा ने भी आवेदन किया। बुधवार को निर्वाचन अधिकारी एके ज्योति ने फाइनल सदस्यों की सूची यूपीसीए की वेबसाइट पर अपलोड की।

जिसमें सामने आया कि उपाध्यक्ष पद पर गोपाल शर्मा का ही एकमात्र नाम आया था, जिससे यह अंदाजा लगाया जाने लगा था कि उपाध्यक्ष पद पर चयन होना तय है। शनिवार को वार्षिक आम सभा में इसकी आधिकारिक तौर पर घोषणा हो गई। इसके साथ मेम्बर ऑफ गवर्निंग काउंसिल पद के लिए भी नामों की घोषणा कर दी गई। 

राजीव शुक्ला फिर से चेयरमैन बने

राजीव शुक्ला को यूपीसीए की इंटरनेशनल मैच ऑर्गनाइजिंग कमेटी के चेयरमैन पर एक साल के लिए कार्यकाल बढ़ाया गया है। यूपीसीए का प्रतिनिधित्व राजीव शुक्ला बीसीसीआई में करते रहेंगे। इस कमेटी में निधिपति सिंघानिया को को-चेयरमैन चुना गया है। वहीं, इस सूची में संजय कपूर भी शामिल हैं। मेम्बर ऑफ गवर्निंग काउंसिल में कोषाध्यक्ष पद पर प्रेम मनोहर गुप्ता को चुना गया। इंटरनेशनल मैच ऑर्गनाइजिंग कमेटी में यदुवीर सिंह को संयोजक, अरविंद कुमार श्रीवास्तव, रियासत अली, डॉ. संजय कपूर, मो. फहीम, अमर गुप्ता समेत 16 लोगों का चयन किया गया है।

ग्रीनपार्क स्टेडियम में टेस्ट मैच होंगे

बैठक के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि ग्रीनपार्क स्टेडियम में टेस्ट मैच होंगे। आगामी वर्ल्ड कप को लेकर उन्होंने कहा कि लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 28 अक्टूबर को खेले जाने वाले भारत-इंग्लैंड के मैच के लिए 25 हजार टिकट बेचे जाएंगे। 25 हजार टिकट बीसीसीआई, आईसीसी व अन्य के लिए रिजर्व रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि साउथ अफ्रीका- ऑस्ट्रेलिया मैच में भी दर्शकों की संख्या ज्यादा रहने की उम्मीद है। 

वाराणसी स्टेडियम की कमेटी गठित

वाराणसी स्टेडियम की कमेटी के लिए यदुवीर सिंह को संयोजक और अरविंद श्रीवास्तव को सह-संयोजक बनाया गया है। प्रेम मनोहर गुप्ता, जावेद अख्तर, अंकित चटर्जी को मेंमर बनाया गया है।

गोपाल ने पहला मैच ग्रीनपार्क में खेला 

यूपीसीए के उपाध्यक्ष बनाए गए गोपाल शर्मा ने अपना पहला टेस्ट मैच घरेलू मैदान ग्रीनपार्क में ही खेला था। यह मैच 1985 में इंग्लैंड से खेला गया था। 63 वर्षीय गोपाल शर्मा अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में पांच टेस्ट और 11 एकदिवसीय मैच खेले चुके हैं। गोपाल शर्मा रणजी चयनकर्ता समेत कई अहम पदों पर पहले भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। गोपाल शर्मा ने कहा कि उपाध्यक्ष बनने के बाद मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों के भविष्य को बेहतर बनाना रहेगा। अधिक से अधिक सुविधाएं खिलाड़ियों को दिलाऊंगा। उन्होंने बताया कि मैं जब पहले चयनकर्ता था तो भारतीय टीम में पांच खिलाड़ी मेरे कार्यकाल में ही शामिल हुए।

संबंधित समाचार