अमरोहा: नाले में मिला अज्ञात युवक शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कई दिन पुराना होने के कारण सड़-गल चुका है, शिनाख्त कराने में जुटी पुलिस

फोटो- नाले से स्लैब हटवाती पुलिस।

अमरोहा/डिडौली, अमृत विचार। नेशनल हाईवे के नजदीक नाले में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह शव बाहर निकलवाया। काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने पहचान कराने के लिए आसपास थानों में मृतक का फोटो और हुलिए की जानकारी भेज दी है।

डिडौली में पुराने थाने की जर्जर हाल इमारत के सामने बड़ा नाला है। इसके आसपास कुछ दुकानें भी बनी हैं। बीते शनिवार की शाम दुकानदार रोजाना की तरह अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए। रविवार सुबह जब वह दुकानों पर पहुंचे तो नाले से दुर्गंध आने पर माथा ठनका। इसके बाद नाले के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई।

इस दौरान कुछ लोगों ने नाले पर पड़े स्लैब के नीचे झांककर देखा तो इंसानी पैर देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से स्लैब हटवाया। नाले में करीब 40 वर्षीय युवक का शव औंधे मुंह पड़ा था। कीचड़ से लथपथ शव से दुर्गंध आ रही थी।

मृतक ने सफेद शर्ट और काला लोअर पहना था। काफी दिन पुराना होने के कारण शव सड़-गल चुका था। प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास थानों की पुलिस को फोटो और हुलिए की जानकारी दे दी गई है। मामला हत्या से जुड़ा है या फिर आत्महत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी। 

यह भी पढ़ें- अमरोहा : सड़क हादसे में पीलीभीत के दो मजदूरों की मौत, ई-रिक्शा ने बाइक में मारी टक्कर

संबंधित समाचार