Banda News: पुत्रवधू से नाराज होकर खुदकुशी करने को नदी में कूदी वृद्धा… भगवान बनकर आई खाकी, ऐसे बचाई जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में पुत्रवधू से नाराज होकर वृद्धा नदी में कूद गई।

बांदा में पुत्रवधू से नाराज होकर खुदकुशी करने को वृद्धा नदी में कूद गई। पुलिस ने समय रहते महिला को बचा लिया।

बांदा, अमृत विचार। पुत्रवधू से नाराज होकर वृद्धा ने औगासी पुल से यमुना नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय नाविकों की मदद से महिला की जान बच गई। स्थिति यह थी कि यदि पुलिस के पहुंचने में एक दो मिनट की भी देर लगती तो महिला को शायद नहीं बचाया जा सकता था। पुलिस के इस प्रयास की क्षेत्र में तारीफ भी हो रही है।

रविवार को दोपहर वृद्धा औगासी पुल से यमुना नदी में कूद गई। वृद्धा के नदी में कूदने की सूचना मर्का थाने को मिली। घटना का संज्ञान लेते हुए काजीटोला चैकी प्रभारी उप निरीक्षक अनुराग पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थानीय नाविकों की मदद से महिला को सकुशल बचा लिया। पूछताछ पर वृद्धा ने बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मंठा गांव निवासी सुरतिया (60) पत्नी चुन्ना कुशवाहा नाम बताया।

कहा कि पुत्रबहू से नाराज होकर आत्महत्या करने के उदेश्य से उसने यमुना नदी में छलांग लगाई थी। पुलिस ने भतीजे बिहारी पुत्र सुरेश प्रसाद को बुलाकर वृद्धा को सुपुर्द किया। समझाया कि दोबारा आत्महत्या संबंधी विचार मन में न लाएं। परेशानी होने पर पुलिस को सूचना दें। हर संभव मदद की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम को पुरस्कृत किया।

संबंधित समाचार