बरेली: पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी, 28 हजार सीटें खाली
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय के करीब 540 में चल रही प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण मंगलवार को समाप्त हो गया। पहले चरण की प्रवेश प्रकिया 3 सितंबर से 15 सितंबर तक चली थी, जिसमें 115995 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया पूरी करके दाखिला सुनिश्चित कराया। पूर्व जैसा बताया जा रहा …
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय के करीब 540 में चल रही प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण मंगलवार को समाप्त हो गया। पहले चरण की प्रवेश प्रकिया 3 सितंबर से 15 सितंबर तक चली थी, जिसमें 115995 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया पूरी करके दाखिला सुनिश्चित कराया।
पूर्व जैसा बताया जा रहा था कि तय समय में रुविवि की सीटें पूरी नहीं हो पाएंगी, वैसा ही हुआ। विश्वविद्यालय की करीब 28 हजार सीटें प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया के बाद भी खाली हैं। अब दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया के पंजीकरण भी शुरू हो रहे हैं, उसके बाद ऑनलाइन एडमिशन किए जाएंगे।
रुविवि से संबद्ध बरेली और मुरादाबाद मंडल से संबद्ध 548 महाविद्यालयों में से करीब 540 महाविद्यालयों में स्नातक स्तर की प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इन कॉलेजों में प्रथम चरण में प्रवेश लेने के लिए 28 अगस्त तक करीब 1.44 लाख अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था।
इसके बाद स्नातक स्तर पर प्रथम वर्ष के पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया 3 सितंबर से शुरू हुई थी। इसके अंतर्गत मंगलवार को 4755 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया पूरी की। प्रथम चरण में 115995 छात्र-छात्राओं ने यूनिवर्सिटी में प्रवेश लिया है। अब भी करीब 28 हजार सीटें खाली रह गई हैं, जिन्हें भरने की कवायद दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत पूरा करने की कोशिश की जाएगी।
तीन दिन बढ़ाई थी अंतिम तिथि
रुविवि में प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया तीन 3 से 12 सितंबर तक चली थी। सीटें न भरने की वजह से तीन दिन का समय बढ़ाते हुए 15 सितंबर तक वेबसाइट खोली गई थी, जिसमें करीब नौ हजार एडमिशन हुए थे।
“स्नातक स्तर पर बीए, बीएससी, बीकॉम की पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हो गई है। अब दूसरे चरण के लिए पंजीकरण कराए जा रहे हैं। बाकी सीटों पर दूसरे चरण में ही एडमिशन हो सकेंगे।” –अमित कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी, रुहेलखंड विश्वविद्यालय
