Banda: ब्लाक मुख्यालय में स्थापित किए गए गांव-गांव से आए अमृत कलश, प्रमुख सचिव, डीएम समेत जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी
बांदा में निकाली गई कलश यात्रा को प्रमुख सचिव, डीएम समेत जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाई।
बांदा में निकाली गई कलश यात्रा को प्रमुख सचिव, डीएम समेत जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाई। ब्लाक मुख्यालय में स्थापित किए गए गांव-गांव से अमृत कलश आए।
बांदा, अमृत विचार। मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत महुआ विकासखंड के सभी गांवों के अमृत कलशों को एकत्र कर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। अमृत कलश यात्रा को प्रमुख सचिव परिवहन एल.वेंकटेश्वर लू, जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा आदि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। देशभक्ति से ओतप्रोत नारों के बीच अमृत कलश यात्रा महुआ ब्लाक में समाप्त की गई। इसके बाद सभी अमृत कलशों को ब्लाक मुख्यालय में स्थापित कराया गया।

बीते दिनों समूचे जनपद में चलाई गए मेरी माटी मेरा देश अभियान के अगले चरण में गांव-गांव से एकत्र अमृत कलशांे को ब्लाक मुख्यालय तक शोभायात्रा के बीच ढोल नगाड़ों के साथ पहुंचाया गया। जहां सभी गांवों के अमृत कलशों की एक विशाल अमृत कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा ने प्रमुख सचिव श्री लू, डीएम श्रीमती नागपाल, सदर विधायक श्री द्विवेदी आदि की अगुवाई भ्रमण किया और देशभक्ति से ओतप्रोत नारे लगाए गए।
कलश यात्रा के समापन पर सभी अमृत कलशों को ब्लाक मुख्यालय में स्थापित किया गया। बताया कि सभी कलश जिला मुख्यालय भेजे जाएंगे, वहां से प्रदेश की राजधानी होते हुए देश की राजधानी नई दिल्ली में प्रस्तावित अमृत उपवन में पहुंचाए जाएंगे। जहां समूचे देश की माटी और अक्षत के माध्यम से उपवन गुलजार होगा। वहीं महुआ विकासखंड परिसर में स्वच्छता ही सेवा अभियान संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते प्रमुख सचिव श्री लू ने सभी को स्वच्छता की आदत डालने की नसीहत दी। कहा कि स्वच्छता से जहां वातावरण प्रदूषण मुक्त बनेगा, वहीं लोग बीमारियों से भी बच सकेंगे। सभी क्षेत्रवासियों को अपने-अपने गांव को स्वच्छ बनाने और प्रदूषण मुक्त रखने की शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर ब्लाक प्रमुख उर्मिला कबीर, पद्मश्री जलयोद्धा उमाशंकर पांडेय, सीडीओ वेदप्रकाश मौर्य, एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, समाजसेवी रामयश द्विवेदी, ओमप्रकाश त्रिपाठी, ग्राम प्रधान पतौरा विनीता त्रिपाठी, डीएसटीओ संजीव बघेल, बीडीओ महुआ राजेश तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगराम सिंह चौहान समेत आसपास के गांवों के तमाम लोग शामिल रहे।
