बाराबंकी : महादेवाधाम में पूजा अर्चना कर नए जिलाधिकारी ने संभाला कार्यभार
2013 बैच के आइएएस अधिकारी हैं सत्येंद्र कुमार झा
बाराबंकी, अमृत विचार। नवनियुक्त जिला अधिकारी सत्येंद्र कुमार झा ने सोमवार की देर शाम यहां पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। इसके पूर्व उन्होंने महादेवा में लोधेश्वर का जलाभिषेक किया। इसके पूर्व निवर्तमान जिलाधिकारी अविनाश कुमार अपना पदभार मुख्य विकास अधिकारी को सौंप कर झांसी के लिए रवाना हो गए।
मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले नए जिला अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने 2013 में आइएएस में 71वीं रैंक हासिल की थी। इसके पहले वह भारतीय राजस्व सेवा में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। महोबा और महाराजगंज के बाद उन्हें तीसरी बार जिलाधिकारी के रूप में बाराबंकी में तैनाती मिली है। वह बेसिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव भी रह चुके हैं। देवरिया और जौनपुर में बतौर संयुक्त मजिस्ट्रेट तथा बरेली में सीडीओ की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। बेसिक शिक्षा को सुधारने में उनकी खास रुचि रही है। उनकी तैनाती से यह समझ जा रहा है कि बाराबंकी में भी बेसिक शिक्षा के हालात बदलेंगे।
कार्यभार संभालने के साथ ही उन्हें कई बड़ी नई चुनौतियों से जूझना पड़ेगा। दुर्गा पूजा रामलीला के साथ-साथ देवा मेला भी सन्निकट है। जिसे सकुशल निपटाना किसी बड़ी चुनौती से काम नहीं होगा।
यह भी पढ़ें : बापू और शास्त्री को SGPGI में चिकित्सकों ने किया भावपूर्ण नमन, निदेशक ने दिलाई अहिंसा की शपथ
