UP: रेप का आरोपी सिपाही कानपुर पुलिस को लगता निर्दोष, दो साल से नहीं हो रही गिरफ्तारी… खुलेआम आजाद होकर घूम रहा
कानपुर में रेप के आरोपी सिपाही की दो साल से गिरफ्तारी नहीं हो रही है।
कानपुर में रेप के आरोपी सिपाही की दो साल से गिरफ्तारी नहीं हो रही है। कोर्ट से 82 की कार्रवाई का नोटिस भी चस्पा नहीं हुआ। आरोपी ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी डाल दी।
कानपुर, अमृत विचार। बाबूपुरवा में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म करने वाले आरोपी सिपाही ने पुलिस की लापरवाही का फायदा उठाकर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी डाल दी है। जिसके बाद पीड़िता के बाल कल्याण समिति ने बयान दर्ज किए हैं। आरोप है कि करीब दो साल हो रहे हैं लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी करने की बजाय पुलिस उसे बचाने का प्रयास कर रही है। कोर्ट से 82 की कार्रवाई का नोटिस भी 12 दिन बाद भी उसके घर चस्पा नहीं किया गया।
बाबूपुरवा थाना क्षेत्र की किशोरी (अब बालिग) ने बताया कि अक्टूबर 2021 में बाबूपुरवा थाने के तत्कालीन सिपाही अलीगढ़ निवासी अमित कुमार के खिलाफ होटल में कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने समेत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई थी। अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई। पॉक्सो-दुष्कर्म की धारा होने के बावजूद जांच अधिकारियों ने दो बार अंतिम रिपोर्ट लगा दी थी।
शिकायत पर उच्चाधिकारी ने फिर से जांच के आदेश दिए थे। अब तक 10 विवेचक बदल चुके हैं। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को दोषी भी मान लिया। करीब 12 दिन पहले कोर्ट से कुर्की की कार्रवाई के लिए नोटिस भी जारी हुआ, लेकिन विवेचक आरोपी के घर चस्पा करने तक नहीं पहुंची।
क्राइम ब्रांच के सूत्रों ने बताया कि त्योहारों के चलते कानून-व्यवस्था को लेकर ड्यूटी लगने व अन्य विवेचना के कारण समय नहीं मिल पाया था। दो-तीन दिन में नोटिस चस्पा करने जाएंगी।
