Dengue In Kanpur: जिले में डेंगू के तलाशे गए 14 डार्कजोन, इस एरिया में सबसे ज्यादा केस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में डेंगू लगातार पैर पसारता जा रहा है।

कानपुर में डेंगू लगातार पैर पसारता जा रहा है। ग्वालटोली व गीतानगर में अधिक संक्रमित मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्र में सरसौल ब्लॉक में सर्वाधित केस है।

कानपुर, अमृत विचार। डेंगू का हमला दिन प्रतिदिन तेज होता जा रहा है। जिला मलेरिया विभाग की टीम ने डेंगू के सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र तलाश कर उनकी सूची बनाई है, जिनमें शहर के 13 क्षेत्र शामिल हैं और ग्रामीण में सरसौल ब्लॉक में अधिक डेंगू केस व लार्वा पाए गए हैं।  

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू अपने डंक से लोगों पर हमला कर रहा है। प्रतिदिन पांच से अधिक लोग डेंगू की चपेट में आ रहे हैं। कभी-कभी संक्रमितों की संख्या 20 से 22 तक भी पहुंच जाती है। जिला मलेरिया विभाग ने 52 टीमें गठित की थीं। टीम ने सर्वे के दौरान डेंगू के सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र तलाशने शुरू किए, जिनमें शहर में ग्वालटोली व गीता नगर क्षेत्र टॉप पर हैं।

इसके बाद हरजेंदर नगर, बिरहाना रोड, कैंट, चाचा नेहरू व शास्त्री नगर शामिल हैं। ग्रामीण में सरसौल ब्लॉक के क्षेत्र में 80 केस मिलने पर वह टॉप पर है। टीम इन डार्कजोन में प्रतिदिन क्षेत्रों में फॉलोअप कर रही हैं।

इन क्षेत्रों में इतने डेंगू केस 

गीता नगर में 31, ग्वालटोली में 29, बिरहाना रोड में 23, कैंट में 22, हरजेंदर नगर में 18, शास्त्री नगर में 21, कोपरगंज में 16, नवाबगंज में 12, रामबाग में 10, शास्त्री पार्क में सात, गुजैनी में छह, किदवई नगर में आठ, नौबस्ता में चार व सरसौल ब्लाक में 80 केस सामने आए हैं।

सरकारी अस्पतालों व कैंपस में मिले चुके लार्वा 

जिले में सरकारी हैलट, उर्सला, डफरिन, केपीएम व कांशीराम संयुक्त अस्पताल हैं। यहां पर प्रतिदिन सैकड़ों लोग इलाज के लिए आते हैं। इसके बावजूद इन अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा व परिसर की सफाई पर विशेष ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यहां तक कि सीएमओ कार्यालय के पीछे व बगल में गंदगी व जलभराव है। इन सभी सरकारी अस्पतालों में डेंगू के लार्वा पाए गए हैं। साथ ही सरकारी आवासों में कुछ कर्मचारी डेंगू संक्रमित भी मिले हैं।

15 डेंगू व तीन चिकनगुनिया संक्रमित

जिले में डेंगू के साथ ही चिकनगुनिया भी लोगों को परेशान कर रहा है। बुखार के साथ हड्डियों में हो रहे दर्द की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला मलेरिया अधिकारी एके सिंह ने बताया कि सोमवार को जिले में 15 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई, जिनमें घाटमपुर के दो, श्याम नगर में दो, बिधनू में एक, कल्यानपुर में एक, सरसौल में एक, दलेलपुरवा में एक, सावित्री नगर में एक, संजीव नगर में एक, गीता नगर में एक, स्वरूप नगर में एक, खपरा मोहाल में एक व बर्रा का एक व्यक्ति शामिल है। साथ दो लोग कन्नौज निवासी है। इसके साथ हर सूटरगंज, कल्यानपुर आवास विकास व लखनपुर में तीन लोग चिकनगुनिया ग्रस्त मिले हैं।

शहर के 13 क्षेत्र व ग्रामीण में सरसौल ब्लॉक डॉर्कजोन में है। इन क्षेत्रों में शामिल घर व दुकानों पर टीम प्रतिदिन सर्वे कर लार्वानाशक का छिड़काव व लोगों को सफाई पर विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक कर रही है। जिन क्षेत्रों में गंदगी व जलभराव की शिकायतें मिल रही हैं, वहां से संबंधित जानकारी नगर निगम व जिला पंचायत विभाग को दी जा रही है।- एके सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज