बीजेपी की सहयोगी सुभासपा ने जातीय जनगणना को बताया सही, कहा- हमारी पार्टी शुरू से इसकी समर्थक
लखनऊ। बिहार में जातीय जनगणना के बाद पूरे देश में सियासी उबाल आ गया है। देश की विभिन्न पार्टियां दो खेमों में बंट गई हैं। एक खेमा समर्थन में है तो दूसरा विरोध में है। इसी कड़ी में यूपी में बीजेपी की सहयोगी पार्टी सुभासपा ने भी जातीय जनगणना को सही करार दिया है।
सुभासपा के महासचिव अरुण राजभर ने जातीय जनगणना को सही बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा राष्ट्रव्यापी जातीय जनगणना की समर्थक रही है। इसके बिना वंचित, गरीब और पीड़ित वर्गों का सामाजिक सशक्तिकरण संभव नहीं है। जातीय सर्वेक्षण डेटा जारी करने के लिए बिहार सरकार को उन्होंने बधाई दी और कहा कि केवल सर्वेक्षण डेटा प्रस्तुत करने से कोई बड़ा परिणाम नहीं निकलेगा। राजद और जदयू को ये भी डेटा जारी करना चाहिए कि उनकी सरकार ने विभिन्न पिछड़ी जातियों को कितना पालिटिकल प्रतिनिधित्व दिया है।
अरुण राजभर ने कहा कि भर, राजभर, राजवंशी, पाल, प्रजापति जैसी जातियों को सरकार और पार्टी में कितना प्रतिनिधित्व दिया गया है। बिहार सरकार को बताना चाहिए कि उनकी सरकार ने इन जातियों के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए पिछले कुछ वर्षों में क्या कदम उठाए हैं? मुझे बिहार में राजवंशी समुदाय से कोई एमएलए, एमएलसी और एमपी आज तक नहीं दिखा है।
यह भी पढ़ें: UP में भी उठी बिहार के तर्ज पर जातिवार सर्वेक्षण की गूंज: सपा, बसपा, कांग्रेस और अपना दल ने की ऐसी ही मांग
