Etawah: ट्रैक्टर को बचाने में डंपर ढाबे में घुसा… डीजल टैंक में आग लगने से हुए तेज धमाके, कंडक्टर की जलकर मौत

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

इटावा में डंपर में आग लगने से कंडक्टर की जलकर मौत।

इटावा में ट्रैक्टर को बचाने में डंपर अनियंत्रित होकर ढाबे में घुस गया। हादसे के बाद डीजल टैंक में आग लगने से तेज धमाके हुए। जिसमें कंडक्टर की जलकर मौत हो गई।

इटावा, अमृत विचार। जसंवतनगर नेशनल हाईवे पर आगरा से कानपुर की ओर जा रहा डंपर रांग साइड से आ रहे ट्रैक्टर को बचाने को चक्कर में अनियंत्रित होकर ढाबे में जा घुसा। ढाबे में टकराने से डंपर के डीजल टैंक में आग लगी और विस्फोट के साथ फट गया। देखते ही देखते डंपर धूं धू करके के जलने लगा। इससे डंपर के ड्राइवर व कंडक्टर उसी में फंस गये। जैसे-तैसे दोनों को निकाला गया, लेकिन तब तक कंडक्टर की मौत हो गई। जबकि ड्राइवर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आगरा की ओर से एक डंपर मंगलवार की दोपहर में नेशनल हाईवे के रास्ते कानपुर की ओर जा रहा था। डंपर जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के मलाजनी के पास ही पहुंचा था कि तभी एक ट्रैक्टर को ड्राइवर डिवाइडर पर चढ़ाकर पार करने लगा। ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में डंपर अनियंत्रित होकर पास में ही स्थित दुर्गा ढाबे में जाकर टकरा गया। इससे डंपर के डीजल टैंक में आग लगी और तेज विस्फोट के साथ टैंक फट गया।

आग से डंपर कुछ ही पलों में धूं धूं करके जलने लगा। टक्कर से डंपर के ड्राइवर व कंडक्टर उसी में फंस गये। ढाबे के कर्मचारियों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ने डंपर में फंसे भदान फिरोजाबाद के रहने वाले 24 साल के ड्राइवर आमोद व 21 साल के उसक भाई कंडक्टर बसंत को तैसे तैसे निकाला। लेकिन तब तक बसंत की मौत हो चुकी थी। जबकि गंभीर घायल ड्राइवर को सैफई अस्पताल भेजा गया।

ट्रक में विस्फोट के बाद आग का एक गोला ढाबे पर खड़े स्कूटी लदे कंटेनर पर जाकर गिरा, इससे कंटेनर में लदी 42 में से 6 स्कूटी भी जल गयीं। फायर ब्रिगेड ने जैसे तैसे आग बुझा दी। बता दें कि डंपर के अनियंत्रित होकर ढ़ाबे की ओर आते देखकर उसमें काम करने वाले कर्मचारियों ने अपने को भागकर बचाया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी है। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि हादसा हुआ था। डंपर में आग से कंडक्टर की जलकर मौत हुयी थी, जबकि ड्राइवर का इलाज किया जा रहा है। हादसे की जानकारी पर एसडीएम कौशल कुमार, तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह, सीओ अतुल प्रधान आदि मौके पर पहुंचे।

 

संबंधित समाचार