रामपुर: बिलासपुर में निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत, स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/बिलासपुर, अमृत विचार। निजी अस्पताल में स्टाफ की लापरवाही से डिलीवरी के बाद महिला की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर तोड़फोड़ करते हुए हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को किसी तरह शांत कराया। इस दौरान काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र रही।
     
नगर के मोहल्ला शीरी मियां के रहने वाले मोहम्मद युसूफ ने अपनी 35 वर्षीय आठ माह की गर्भवती समीना बेगम को अचानक तबीयत बिगड़ने पर सोमवार की रात भाखड़ा डैम के निकट एक निजी अस्पताल भर्ती कराया था। पीड़ित पति ने बताया कि उसकी पत्नी के बच्चे को जन्म देने के बाद तेज ब्लीडिंग शुरू हो गई। रात में स्टाफ ने उसकी पत्नी को लगातार ग्लूकोज चढ़ाना शुरू कर दिया। इसके बाद उसकी हालत और बिगड़ने लगी। मगर, स्टाफ परिजनों को झूठी दिलासा देता रहा। मंगलवार दोपहर हालत में सुधार न होने पर स्टाफ ने उसकी पत्नी को रुद्रपुर स्थित अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

 अस्पताल जाते समय महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने नवजात को वहीं के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया। गुस्साए परिजन मृतक महिला का शव लेकर अस्पताल पहुंच गए। हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों की संख्या बढ़ते देख आनन-फानन में स्टाफ मौका पाकर फरार हो गया। इससे आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ तक कर डाली। सूचना पाकर कस्बा चौकी प्रभारी प्रशांत शर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।आक्रोशित लोगों को बमुश्किल शांत कराया।

ये भी पढ़ें:- ब्रिटेन जाना अब और भी महंगा, यात्रियों और छात्रों के लिए वीजा शुल्क में हुई बढ़ोतरी

संबंधित समाचार