गरीब को छेड़ेंगे नहीं, माफियाओं को छोड़ेंगे नहीं: केशव मौर्या
प्रयागराज। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को संगम सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में सर्वप्रथम स्मार्ट सिटी व महाकुम्भ-2025 के अन्तर्गत कराये जा रहे कार्यों की समीक्षा की। तमाम मुद्दों पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मे माफ़ियाओ का अंत हो रहा है। सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि गरीब को छेड़ेंगे नहीं और माफियाओं को छोड़ेंगे नहीं। समीक्षा में उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं से सबक लेते हुए रेलवे व प्रशासन के अधिकारियों को बेहतर समन्वय बनाकर कार्य कराये जाने के लिए कहा। उन्होंने ओवरब्रिजों व पुलों के निर्माण की प्रगति के बारे में कहा कि पुलों व ओवरब्रिजों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा में पूरा करायें। उन्होंने गुणवत्ता की जांच के लिए एक अलग तकनीकी टीम का गठन करने के लिए कहा है। रिंग रोड़ के निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में ली।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रिंग रोड़ के निर्माण कार्य को महाकुम्भ के दृष्टिगत शीर्ष प्राथमिकता पर पूरा करायें साथ ही रिंग रोड़ के आस-पास के क्षेत्र को किस प्रकार विकसित बनाया जा सकता है, इसके लिए भी अभी से भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्लान बनाये जाने के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है। सड़को के चैड़ीकरण के कार्य पर कहा कि जहां पर भी चैड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है, उस रोड़ को बराबर से चौड़ा किया जाये, कहीं पर भी सड़क कम या ज्यादा न दिखे।
उन्होंने जसरा बाईपास के निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सम्बंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने व रामवनगमन मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाये जाने के निर्देश दिया। उपमुख्यमंत्री ने बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। जल जीवन मिशन मे अनियमित्ता की शिकायतें मिलने पर कड़ी नाराजगी जतायी। बिजली विभाग के कार्यों की समीक्षा पर उन्होंने बिजली विभाग से सम्बंधित शिकायतों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। गंगा नदी के किनारे-किनारे नागवासुकी से बनने वाले रिवर फ्रंट को द्रौपदी घाट तक बनाये जाने के लिए कहा है।
उन्होंने इस कार्य को समय के अंदर सुंदरता के साथ पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिया। फाफामऊ व छतनाग में बन रहे विद्युत शवदाह गृह की क्षमता को बढ़ाये जाने और श्रृंगवेरपुर में भी विद्युत शवदाह गृह बनाये जाने के लिए निर्देशित किया। डेंगू व अन्य बीमारियों से बचाव कार्यों में तेजी लाये जाने के लिए सभी ब्लड बैंको को सारी सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, विधायक शहर उत्तरी हर्षवर्धन वाजपेयी, विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्या, विधायक फूलपुर प्रवीण पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी एवं निर्मला पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा, प्रभारी जिलाधिकारी गौरव कुमार, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अरविंद चैहान, नगर आयुक्त चन्द्र मोहन गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: AAP सांसद संजय सिंह गिरफ्तार, दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED का एक्शन
