इलाहाबाद हाईकोर्ट: ज्ञानवापी मामले की सुनवाई मुस्लिम पक्षकारों की मांग पर 30 अक्टूबर तक टली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट में वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद परिसर से जुड़ी पांच याचिकाओं पर बुधवार को होने वाली सुनवाई मुस्लिम पक्षकारों की मांग पर 30 अक्तूबर तक टाल दी गई है। इन याचिकाओं में तीन याचिकाएं वर्ष 1991 से वाराणसी की अदालत में लंबित सिविल वाद की पोषणीयता और दो याचिकाएं जिला अदालत द्वारा ज्ञानवापी के वैज्ञानिक सर्वेक्षण की अनुमति देने वाले आदेश को चुनौती देने वाली हैं।

उक्त मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश प्रीतिंकर दिवाकर की एकलपीठ कर रही है। इससे पहले इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति प्रकाश पाडिया की पीठ के समक्ष पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित कर लिया गया था, जो 28 अगस्त को सुनाया जाना था। इसी बीच इस सुनवाई के खिलाफ किसी ने मुख्य न्यायाधीश के समक्ष शिकायती पत्र प्रस्तुत कर बताया कि अदालतों का रोस्टर बदलने के बाद भी न्यायमूर्ति प्रकाश पाडिया की अदालत में सुनवाई अनवरत चलती रही। क्षेत्राधिकार के बाहर पूरी हुई सुनवाई के आधार पर मुख्य न्यायाधीश ने उक्त मामले को अपनी अदालत में स्थानांतरित करते हुए खुद सुनवाई करने का फैसला लिया था।

मामलों के स्थानांतरण को लेकर अंजुमन इंतजामिया मस्जिद समेत अन्य मुस्लिम पक्षकारों ने आपत्ति उठाई थी। मुस्लिम पक्ष ने तर्क दिया कि पिछले कई वर्षों में  लगभग 75 तारीखों पर मामले की सुनवाई हो चुकी है और तीन बार निर्णय सुरक्षित हो चुका है। इस बार भी न्यायमूर्ति प्रकाश पाडिया की अदालत द्वारा निर्णय सुनाए जाने की तिथि पर अचानक सुनवाई को मुख्य न्यायाधीश की अदालत में स्थानांतरित किया जाना अवैधानिक है।

मुस्लिम पक्ष ने उस शिकायती पत्र की प्रति उपलब्ध कराने की मांग भी की थी, जिसके आधार पर मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति प्रकाश पाडिया की अदालत से स्थानांतरित कर दी गई। हालांकि अदालत ने मुस्लिम पक्ष के इस तर्क को पहले ही खारिज कर दिया। बुधवार को मामले की सुनवाई निश्चित थी, लेकिन मुस्लिम पक्षकारों की तरफ से मामले से जुड़े कई दस्तावेजों के निरीक्षण का हवाला देते हुए सुनवाई को टालने की मांग की गई। इस पर कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई आगामी 30 अक्तूबर को सुनिश्चित की है।

यह भी पढ़ें:-इलाहाबाद हाईकोर्ट: रिजवान सोलंकी के मामले में जिला अदालत द्वारा अंतिम निर्णय लेने पर लगाई रोक

संबंधित समाचार