बरेली: सद्दाम ने चार लोगों से मिलने की जताई इच्छा, जेल प्रशासन ने प्रयागराज कमिश्नर को भेजा पत्र
बरेली, अमृत विचार। माफिया रहे अशरफ के साले सद्दाम ने जेल प्रशासन से अपने परिवार के चार लोगों से मिलने की इच्छा जताई है। जिस पर जेल प्रशासन ने प्रयागराज के कमिश्नर को पत्र भेजा है। पत्र में चारों के आपराधिक इतिहास से लेकर अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखने के लिए लिखा है। प्रयागराज के कमिश्नर की अनुमति मिलने के बाद ही सद्दाम अपने परिवार के लोगों से मिल पाएगा।
जब से अशरफ का साला सद्दाम केन्द्रीय कारागार-दो बरेली में बंद है, तब से उसकी मिलाई पर जेल प्रशासन ने पूरी तरह से रोक लगा दी है। जिसके कारण वह पूरी तरह से बौखलाया है। सख्ती की वजह से वह जेल में बंद बंदियों से भी बात करने के लिए तरस रहा है।
कॉल डिटेल और बैंक खाते में लेनेदेन करने वाले छह लोग रडार पर
लल्ला गद्दी का पहले ही सद्दाम के बैंक खाते में लेनदेन का मामला सामने आ चुका है। एक बार फिर पुलिस ने उसकी कॉल डिटेल खंगाली तो एक दर्जन से ज्यादा लोगों के संपर्क में रहने की बात की पुष्टि हुई। साथ ही उसके बैंक खाते से छह लोगों के लेनदेन का खुलासा हुआ है। उन छह लोगों में बरेली समेत प्रयागराज के लोग शामिल हैं। इसके लिए बरेली पुलिस प्रयागराज पुलिस के संपर्क में है। बहुत जल्द लोगों की पकड़कर उनसे मामले में पूछताछ होगी।
बारादरी पुलिस ने रिमांड के लिए लगाई अर्जी
बारादरी पुलिस ने सद्दाम को रिमांड पर लेने के लिए बुधवार को कोर्ट में अर्जी लगाई। अर्जी में कहा गया है कि सद्दाम बिथरी चैनपुर में दर्ज मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, लेकिन, वह बारादरी पुलिस का भी आरोपी है। हालांकि अर्जी पर बुधवार को किसी तरह की कोई सुनवाई नहीं हो सकी।
बरेली जेल के कोने-कोने से वाकिफ है सद्दाम
बरेली जेल में माफिया अशरफ और अतीक बंद रहे हैं। दोनों के बंदी रहने के दौरान जेल में मिलने से लेकर अन्य लोगों से मीटिंग फिक्स कराने तक का काम सद्दाम देखता था। ऐसे में सद्दाम बरेली जेल के एक-एक कोने से वाकिफ है। जिसके कारण जेल प्रशासन के लिए वह लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। इसकी वजह जेल में सद्दाम का नेटवर्क है। साथ ही उसके आठ अन्य करीबी भी इसी जेल में हैं। इसके चलते अंदरखाने सद्दाम का दूसरे जिले की जेल में ट्रांसफर करने की कवायद शुरू हो गई है।
आरोपी सद्दाम को बारादरी में दर्ज मुकदमे के मामले में कोर्ट में अर्जी दी गई है। उसकी रिमांड मांगी गई है। रिमांड मिलने पर उससे पूछताछ की जाएगी। उसके बैंक खाते से लेनदेन के मामले में चार से छह लोगों का नाम सामने आए हैं। पुलिस प्रयागराज पुलिस के संपर्क में है। -आशीष प्रताप सिंह, सीओ तृतीय
ये भी पढ़ें- बरेली: 30 हजार घरों की बिजली गुल, डेढ़ लाख लोगों की उड़ी नींद
