मुरादाबाद : बिजली आपूर्ति का संकट, नहीं हो रहा शेड्यूल का पालन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दीनदयाल नगर में बदले गए जर्जर तार, बाधित रही सप्लाई, असालतपुरा क्षेत्र में बिजली विभाग ने की छापेमारी, दो मीटरों में छेड़छाड़ पर कार्रवाई

मुरादाबाद, अमृत विचार।  बिजली आपूर्ति का संकट खत्म नहीं हो रहा है। अधिकारियों का निर्बाध आपूर्ति का दावा उनके कार्यालय के चौखट पर दम तोड़ रहा है। कभी ट्रांसफार्मर फुंकने तो कहीं जर्जर तारों से फाल्ट के चलते कई घंटे लोगों को बिना बिजली के बिताना पड़ रहा है। लाइन लॉस रोकने में विफल विभाग के अधिकारी केवल कागजी दावे कर लकीर पीट रहे हैं।

महानगर के मोहल्लों में हर दिन कई घंटे बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कारोबार प्रभावित होने के साथ ही कॉलोनियों में पेयजल की किल्लत भी हो रही है। महानगर में जगह-जगह आरडीएसएस योजना में जर्जर तार बदलने का काम चल रहा है। कई जगह अंडरग्रांउड केबिल डाले जा रहे है। फाल्ट के अलावा इस कार्य के चलते भी आपूर्ति ठप हो रही है। हालांकि इसकी पूर्व सूचना दी जाती है।

बुधवार को पीटीसी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े दीनदयालनगर में जर्जर तार बदले गए। जिससे आपूर्ति तीन घंटे बंद रही। इसके अलावा आशियाना बिजलीघर में लगे ट्रांसफार्मर में घासबेल की सफाई की गई। जिससे शटडाउन लेना पड़ा। इसके चलते आशियाना के लोगों को दिन में डेढ़ घंटे बिना बिजली के बिताना पड़ा। निर्बाध आपूर्ति न मिलने से महिलाओं को अधिक परेशानी होती है। सुनील कुमार, जितेंद्र सिंह, आशा देवी का कहना है कि बिजली सुधार के लिए काम के अलावा ट्रिपिंग से भी बिजली गुल हो रही है।

वहीं दूसरी ओर असालतपुरा क्षेत्र में बिजली विभाग की टीम ने मीटर चेक किए। जिसमें दो मीटरों से छेड़छाड़ मिली, जबकि दो मीटरों को संदेह की नजर से सील कर टीम अपने साथ ले आई। बताया जा रहा है कि एक मीटर किसी राजनैतिक दल के नेता के घर से मिला है। हालांकि विभागीय अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं। एसडीओ आशियाना सुशील कुमार ने बताया कि अनुरक्षण और आरडीएसएस योजना में चल रहे काम की वजह से शटडाउन लिया गया। एसडीओ असालतपुरा विक्रम सिंह ने बताया कि मीटर चेक किये गए। जिसमें दो मीटरों में गड़बड़ी मिली और दो मीटरों को संदेह पर सील किया गया। उन्होंने किसी राजनैतिक दल के नेता के घर से मीटर लाने की जानकारी से इंकार किया।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सड़कों को गड्ढामुक्त करने की जनप्रतिनिधियों की डेडलाइन पर खरा उतरने की चुनौती

संबंधित समाचार