बरेली: जंक्शन को घोषित किया जाएगा सीआरओ प्रोन, बढ़ेगा कॉशन का दायरा
बरेली, अमृत विचार। रेलवे ट्रैक पर छुट्टा पशुओं के आने से सीआरओ ( कैटल रन ओवर) की घटनाएं बढ़ रही हैं। जंक्शन पर भी इन घटनाओं की संख्या बढ़ी है। इसकी रोकथाम के लिए जंक्शन और आसपास के क्षेत्र को सीआरओ प्रोन घोषित किया जाएगा। इससे कॉशन का दायरा बढ़ेगा।
अधिकारियों के अनुसार जिन खंबा नंबरों तक कॉशन लगाए गए हैं, अब उसके आगे के खंबों तक कॉशन लगाया जाएगा। ट्रेनों की गति को नियंत्रित किया जाएगा। हालांकि, जंक्शन की सभी लाइनों पर प्रतिबंधित गति के साथ ट्रेनों का संचालन किया जाता है। स्टेशन अधीक्षक भानुप्रताप सिंह ने बताया कि जिन क्षेत्रों में अधिक संख्या में सीआरओ या कैटल रन ओवर होते हैं, उन्हें सीआरओ प्रोन बनाया जाता है। जिससे यहां ट्रेन का संचालन करते वक्त अतिरिक्त सावधानी बरती जा सके।
हर हफ्ते तीन से चार सीआरओ
जंक्शन पर हर हफ्ते तीन से चार सीआरओ होते हैं। अक्सर यार्ड क्षेत्र में यह घटनाएं होती हैं। बीते दिनों एक ट्रेन के इंजन से टक्कर लगाने के बाद प्लेटफार्म नंबर दो तक गाय घिसटती हुई आई थी। इससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ था। हाल ही में यार्ड में ट्रेन से टक्कर लगने के बाद एक गाय की मौत हो गई थी। कई दिन तक शव ट्रैक किनारे पड़ा रहा था। आठ दिन तक अधिकारी इसको उठवाने में टालमटोल करते रहे। आखिरकार एडीआरएम के निरीक्षण से पहले गाय का शव उठवाया गया।
ये भी पढे़ं- बरेली: महिला पर बेटे और बहू का जानलेवा हमला, कुल्हाड़ी मारकर किया लहू-लुहान
