भाजपा नेता समेत चार पर रंगदारी का केस दर्ज, बैनामे की जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर रंगदारी मांगने का है आरोप
सुलतानपुर। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रहे गिरीश नारायण सिंह उर्फ बब्बन सिंह, उनके पुत्र, भतीजे समेत चार कोतवाली नगर में रंगदारी का मुकदमा लिखा गया है। उन पर बैनामे की जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। हाल ही में अजय नारायण पर संविदा चिकित्सक डा. घनश्याम तिवारी की निर्मम हत्या करने का आरोप लगा है।
इस मामले में पीड़िता की पत्नी ने दूसरी तहरीर में गिरीश के नाम का उल्लेख किया था, जिसे पुलिस ने विवेचना में नहीं जोड़ा है। अब यहां प्रापर्टी से ही जुड़ा एक नया मामला सामने आया है। कादीपुर कोतवाली के टिकरी गांव की रहने वाली सुनीता कुमारी पत्नी बैजनाथ प्रजापति नगर कोतवाली अंतर्गत निराला नगर मोहल्ले में रहती है। पीड़िता सुनीता का आरोप है कि साल 2018 में उसने कोतवाली नगर के नारायणपुर में गाटा संख्या 287 घ भूखंड का बैनामा लिया। दाखिल खारिज के बाद खतौनी में नाम भी दर्ज हो गया। बैनामा ली हुई जमीन पर वह नींव खुदवा कर पिलर तैयार करा रही थी।
इस बीच बीते 11 मार्च 2023 को मिस्त्री लेवर जब प्लॉट पर काम कर रहे थे तब भाजपा नेता गिरीश नारायण उर्फ बब्बन सिंह पुत्र स्व. अवध नारायण सिंह, उसका भतीजा अजय नारायण सिंह पुत्र जगदीश नारायण सिंह, अरुण सिंह पुत्र विजय बहादुर सिंह और आशुतोष सिंह पुत्र गिरीश नारायण सिंह मौके पर पहुंचा।
पीड़िता का आरोप है कि इन सभी ने निर्माण कार्य रुकवा दिया।
जब हम मौके पर पहुंचे तो दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता सुनीता की मानें तो दबंगों द्वारा हमसे 4 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। दबंगों ने कहा यहां रहना है तो रुपए देने पड़ेंगे।
फिलहाल कोतवाली नगर में पीड़िता की तहरीर पर रंगदारी, मारपीट और गाली-गलौच का मामला दर्ज किया गया है। नगर कोतवाल श्री राम पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: ICC World Cup 2023 : कॉनवे और रविंद्र के शतकीय प्रहार से चित हुआ इंग्लैंड, न्यूजीलैंड की आसान जीत
