बरेली: नौ महला में दम तोड़ रहे सफाई के दावे, नालियां गंदगी से चोक
बरेली, अमृत विचार। नौ महला वार्ड 9 में सफाई का हाल बुरा है। नालियां चोक हैं। जगह- जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। यह तब है जब वार्ड की सफाई का कार्य निजी हाथों में है। स्ट्रीट लाइट लगी तो है लेकिन जलती नहीं। पुलिस चौकी के सामने से चौपुला चौराहे तक आ रहा नाला गंदगी के चलते जाम है। बारिश में घरों में पानी भरता है। इससे लोगों को परेशानी से जूझना पड़ता है।
इस वार्ड में गिहार बस्ती, बगिया, नौमहला मार्केट, पुलिस लाइन बिहारीपुर के सामने का क्षेत्र, पोस्टमार्टम हाउस के सामने मिशन कंपाउंड, चौकी चौराहे का एक तरफ का हिस्सा, रेलवे कालोनियां और कई अन्य मोहल्ले आते हैं। वार्ड में गंदगी अधिक है। लोगों ने बताया कि सफाई कर्मचारी 4-4 दिन बाद आते हैं। नालियों की सफाई नहीं होती है। बीकानेर होटल के पीछे कई डेयरियां भी चल रही हैं और इनका गोबर नालियां में जमा रहता है।
बगिया मोहल्ले में कुछ नालियां गोबर से पटी हैं। यहां के लोगों ने बताया कि सफाईकर्मी आते नहीं हैं। बगिया मंदिर के बाहर सोमवार से कूड़े से भरा ठेला बुधवार को हटाया गया। गुरुवार को फिर जगह जगह कूड़े के ढेर लगा दिए गए और उसे शाम तक नहीं उठाया गया। इस वार्ड में सफाई कर्मियों की संख्या 25 से 30 के बीच है, लेकिन लोगों ने बताया कि यहां मात्र 10-12 कर्मी ही काम कर रहे हैं।
बगिया मंदिर में लोगों ने बताया कि मंदिर में लगी लाइट नहीं जलती है। सौर ऊर्जा की लाइट की बैट्री कोई चुरा ले गया। तब से लाइट बंद चल रही है। गिहार बस्ती में नाला गंदगी से पटा पड़ा है। बरसात में नाले का पानी घरों में घुसता है। गली में जर्जर तार झूल रहे हैं। इससे हादसे का डर बना हुआ है। इस संबंध में पक्ष जानने के लिए पार्षद को फोन किया, मगर संपर्क नहीं हो सका।
बगिया मंदिर में हाईमास्ट सहित आठ लाइटें लगी हैं लेकिन एक भी नहीं जलतीहै। एक पोल पर लगी बैट्री चोरी हो गई। कोई देखने भी नहीं आता। पार्षद को देखा नहीं, इसलिए समस्या किस से कहें।
-19 गोकिल सिंह, प्रबंधक मंदिर समिति
सफाई कर्मचारी कूड़ा नहीं उठाते और धमकी भी देते हैं कि जिससे चाहें शिकायत कर दो। ऐसे में कौन सफाई कार्य करने को कहेगा।
18 राजेन्द्र, चौपुला
गिहार बस्ती में नाला गंदगी से पटा है। झाड़ू लगाने वाले भी नहीं आते हैं। कई जगह रात में लाइट नहीं जलती है। गड्ढे में गिरने का डर रहता है।
15 कमल गिहार बस्ती
नाला साफ नहीं होने से बरसात में गंदा पानी घरों में भरता है। बिजली के तार नीचे लटक रहते हैं। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
16 निकित गिहार बस्ती
हैंडपंप खराब है। अब उस पर कपड़े सुखाए जाते हैं। दो चार दिन बाद कभी झाड़ू लग गई तो कूड़ा नहीं उठाया जाता है।
- 14 मधु, लोकप्रिय अस्पताल के पीछे
उर्स के बाद इस्लामियां मैदान की सफाई नहीं कराई गई। गंदगी चारों ओर है। हैंडपंप दूषित पानी उगल रहे हैं, जिम्मेदार सुनते ही नहीं हैं। हवा चलने पर कूड़ा घर में आता है।
12 धर्मेन्द्र सिंह, इस्लामियां कालेज के सामने
टंकी का पानी आता नहीं है। कुछ दूर लगा हैंडपंप भी खराब है। पेयजल की समस्या गंभीर है। इसका निदान कराया जाना चाहिए।
11 पल्लवी, अनाथालय के पीछे
चार दिन पहले सफाई कर्मचारी मोहल्ले में आए थे। उसके बाद अभी तक नहीं दिखाई दिए हैं। शहर में सफाई कराने पर जोर है। लेकिन यहां कर्मचारी नहीं आते हैं।
-17 विजय, टेलीफोन एक्सचेज के सामने गली
कूड़ा उठता नहीं है। नालियों में डाल दिया जाता है। स्ट्रीट लाइट सभी नहीं जलती हैं।
गली नंबर तीन में सड़क भी उखड़ी है और कूडा उठाने वाले कर्मचारी 4-4 दिन बाद आते हैं। तब तक कूड़ा एकत्र होता रहता है। बदबू उठती है।
ये भी पढे़ं- बरेली: रोडवेज बसों में लगाई जाएगी एंटी स्लीपिंग डिवाइस, चालक को अलार्म बजाकर करेगी अलर्ट
