मुरादाबाद : मनीषा ने लड़कों संग खेलकर प्रदेश टीम में बनाई जगह, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएगीं दम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उपलब्धि : हरियाणा में 8 अक्टूबर से होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दम दिखाएगी मनीषा

मुरादाबाद ,अमृत विचार। छजलैट के संदलीपुर गांव निवासी मनीषा चौधरी ने गांव में लड़कों के साथ क्रिकेट खेलकर उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम तक का सफर तय किया है। उनका चयन हरियाणा में 8 अक्टूबर से होने वाली प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम के लिए हुआ है। जिससे जनपद के खिलाड़ियों में खुशी है। 

संदलीपुर गांव निवासी ओमप्रकाश चौधरी पशु चिकित्सक हैं। परिवार में पत्नी सीमा और तीन बच्चे हैं। जिसमें सबसे बड़ी बेटी शिवानी, बेटा संदीप और सबसे छोटी बेटी मनीषा चौधरी है। परिजनों ने बताया कि मनीषा की बचपन से ही खेलों में काफी रूचि रही है। वह गांव में  लड़कों के साथ रोज क्रिकेट खेलती थी। क्रिकेट के प्रति रूचि बढ़ने पर मनीषा ने 2020 में सोनकपुर स्टेडियम में आना शुरू किया। इसी बीच 2021 में पिता सड़क हादसे का शिकार हो गए। जिसमें वह काफी समय तक कोमा में रहे। इस दौरान घर की आर्थिक स्थिति भी खराब रही। लेकिन, मनीषा ने हार नहीं मानी और खेलना जारी रखा। 

मनीषा हरियाणा में 8 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम की ओर से खेलेगी। मनीषा बायें हाथ की तेज गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी अहम योगदान देती हैं। अपनी कामयाबी के पीछे कोच भावना तोमर और यश शुक्ला की मेहनत बताती है। कोच यश शुक्ता का कहना है कि मनीषा आने वाले समय में भारतीय टीम की ओर से खेलने की क्षमता रखती है। तीन साल में प्रदेश टीम का सफर तय करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

युवा गीत वर्ग में वेदऋचा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया
मुरादाबाद।  उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ और दयानंद आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की ओर से गुरुवार को मंडल स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता हुई। जिसमें युवा गीत वर्ग में वेदऋचा ने पहला स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों माध्यम से हुआ। जिसमें कक्षा 6 से लेकर स्नातकोत्तर तक की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जिसमें युवा गीत वर्ग में वेदऋचा, बाल वर्ग गीत प्रतियोगिता में प्राची, श्लोक अंताक्षरी में राधिका, संस्कृत वाचन में प्रियांशी और संस्कृत सामान्य ज्ञान में आर्या ने पहला स्थान हासिल किया।

मुख्य अतिथि दयानंद आर्य कन्या डिग्री कॉलेज के प्रबंधक उमाकांत गुप्त व सुशीला देवी और संतोष रानी गुप्ता रही। अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सीमा रानी ने की। निर्णायक में एसोसिएट प्रो. डॉ. कौशल कुमारी, डॉ. पूनम बंसल, डॉ. अरविंद कुमार, अर्चना कुंतक, डॉ. सतीश बाबू पाठक, डॉ. विशेष कुमार, डॉ. विंधेश्वरी प्रसाद शुक्ल रहीं। इस दौरान प्रो. रीना मित्तल, प्रो. अर्चना राठौर, प्रो. कंचन सिंह, प्रो. रितु दीक्षित, प्रो. सुजाता, प्रो. मनी बंसल, प्रो. शोभा गुप्ता आदि मौजूद रहीं।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद शैली की रामलीला को पंकज ने दी अलग पहचान, 15 अक्टूबर को काठमांडू में देंगे प्रस्तुति

 

संबंधित समाचार