फर्रुखाबाद की बेटी मिशिका अभिनय में दिखाएंगी दम, इक कुड़ी पंजाब दी में मिला रोल, घर पर बधाई देने वालों का लगा तांता
फर्रुखाबाद की बेटी मिशिका अभिनय में दिखाएंगी दम।
फर्रुखाबाद की बेटी मिशिका अभिनय में दम दिखाएंगी। जीटीवी पर शुरू होने वाले नाटक इक कुड़ी पंजाब दी में रोल मिला। बिटिया की कामयाबी से उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। फर्रुखाबाद की रहने वाली मिशिका मिश्रा महज छह साल की उम्र में टेलीविजन में अभिनय करतीं नजर आएंगी। अपनी मेहनत व लगन से मिशिका ने माया नगरी मुंबई में बाल कलाकार के रूप में नई पहचान बनाकर फर्रुखाबाद का नाम रोशन किया है। इस कामयाबी से मिशिका के बाबा व दादी के घर बधाई देने वालों का तांता लगा है ।
शहर क्षेत्र के चिंतामणि निवासी सतीश चंद्र मिश्रा के पुत्र अंबुज मिश्रा की बेटी मिशिका मिश्रा टीवी सीरियल के जानेमाने स्टार अविनेश रेखी और तनीषा मेहता के साथ “इक कुड़ी पंजाब दी” नाटक में बाल कलाकार के रूप में अभिनय करती नजर आएगी। इतनी कम उम्र में जहां बच्चे ठीक से बात नहीं कर पाते, वहीं मिशिका ने नाटक में अभिनय कर जिले का नाम रोशन किया है।
अमूमन छोटे शहरों में रहने वाले लोगों के मुंबई जाने और एक्टर बनने की बात आती है तो उनके परिवार वाले इसकी इजाजत नहीं देते। खासकर बेटियों को कम उम्र में अभिनय में शुरुआत करने वाली मिशिका के साथ ऐसा नहीं था। कदम-कदम पर मिशिका को उसके परिवार का साथ मिला, जिसके चलते मिशिका अब जी टीवी पर नजर आएगी। मिशिका के मामा अनूप दीक्षित बताते है कि मिशिका को अभिनय करते देख हमारा परिवार बेहद खुश है।
मिशिका की बहन बताती हैं मिशिका को डांस करने का बहुत शौक है वो जब भी फर्रुखाबाद आती है हम सब साथ में खेलते है। मिशिका के पिता अंबुज मिश्रा बताते हैं कि वो अपने परिवार के साथ फर्रुखाबाद से मुंबई आ गये थे। शमसाबाद के ऊगरपुर गांव में उनकी खेती है। उनकी बेटी मिशिका मिश्रा को बचपन से ही डांस करने का बहुत शौक था।
टीवी और यूट्यूब देखकर मिशिका ने डांस और एक्टिंग सीखी। मिशिका की इस कामयाबी के पीछे उनकी मां मनु मिश्रा का बड़ा योगदान है। मिशिका को पहले वाट्सएप पर विज्ञापन मिला था। इसके बाद साउध की एक बड़ी कंपनी के लिए भी मिशिका ने विज्ञापन किया। बेहतरीन अभिनय की वजह से मिशिका को कई ऑफर आने शुरू हो गए। मिशिका ने टीवी सीरियल बरसातें, नीरजा, इश्क की दास्ताँ, नागमणि, अमर चित्र कथा कॉमिक्स व सौभाग्यवती भव: में भी अभिनय किया। अब वह इक कुड़ी पंजाब दी में अभिनय करती नजर आएगी।
बाल कलाकार मिशिका मिश्रा बताती है बचपन से ही उसको डांस और एक्टिंग करने का शौक था। मैं इंस्टाग्राम पर रील्स बनाकर डालती हूँ। पापा और पूरे परिवार की मदद से मुझे पहले विज्ञापन में काम करने का मौका मिला। इसके बाद मुझे कई टीवी सीरियल में काम करने का मौका मिला और अब मैं जोटीवी की नये सीरियल “इक कुड़ी पंजाब दी” में अपने अभिनय का हुनर दिखाउंगी। मिशिका के मामा विभु दीक्षित ने कहा की मिशिका को छोटे पर्दे पर देखने के लिए हमारा पूरा परिवार बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
लोकप्रिय बाल कलाकार मिशिका मिश्रा ने जीटीवी के नये सीरियल “इक कुड़ी पंजाब दी” में दो साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। मतलब साफ है कि फर्रुखाबाद की बेटी मिशिका “इक कुड़ी पंजाब दी” सीरियल में लंबे समय तक नज़र आने वाली है। शो में अविनेश रेखी और तनीषा मेहता मुख्य भूमिका में हैं।
बाल कलाकार मिशिका फेमस अभिनेत्री मोनिका खन्ना की बेटी सिमरित का रोल निभाने वाली है। मिशिका मिश्रा ने शो बरसातें में अपने अभिनय से सभी को प्रभावित किया था। इसलिए इक कुड़ी पंजाब दी निर्माताओं ने अपने शो के लिए प्रतिभाशाली स्टार को लेने का फैसला किया। अब फैंस और मिशिका का पूरा परिवार इस शो को छोटे पर्दे पर देखने के लिए उत्सुक हैं। |
