उपलब्धि : अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष वैज्ञानिकों की सूची में तीसरी बार शामिल हुए प्रतापगढ़ के प्रो. दिनेश
कुण्डा /प्रतापगढ़, अमृत विचार। प्रो.दिनेश विश्वकर्मा ने विश्व के शीर्ष वैज्ञानिकों की सूची में तीसरी बार जगह बनाकर अंतर्राष्ट्रीय फलक पर जिले को गौरान्वित किया है। इस सफलता पर परिजनों के अलावा जनपद के नागरिकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है।
अमेरिका के स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की हालिया रिपोर्ट के अनुसार विशेषज्ञता के विभिन्न क्षेत्रों में दुनिया के शीर्ष दो फीसद वैज्ञानिकों में बेल्हा के प्रो. दिनेश विश्वकर्मा को स्थान दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिसर्च श्रेणी में उन्हें 19,340 वां स्थान मिला है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इमेज प्रोसेसिंग की रिसर्च श्रेणी में उनका 690 वां स्थान है। विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान है। पूर्व में प्रो. दिनेश को 2021 व 2022 में भी यह गौरव मिला।
प्रो. दिनेश मानधाता ब्लाक के चमरुपुर पठान गांव के रहने वाले है। वह दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सूचना प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष व छात्रावास के प्रमुख हैं। वर्तमान शोध क्षेत्र में डेटा का दुर्भावनापूर्ण हेरफेर, फर्जी समाचार विश्लेषण, घृणास्पद भाषण का पता लगाना, भावना विश्लेषण, मल्टीमॉडल डेटा विश्लेषण, मानव गतिविधि पहचान और भीड़ व्यवहार विश्लेषण शामिल हैं। उन्होंने आंतरिक पत्रिकाओं और सम्मेलनों में लगभग 175 शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। उनके उत्कृष्ट शोध के लिए उन्हें 2017 से लगातार विश्वविद्यालय से रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड भी मिल रहा है।

पत्नी सुषमा, बेटी दिया, अद्विका, भाई डीएवी कालेज के प्रधानाचार्य अवधेश विश्वकर्मा समेत परिजनों, शांती देवी, डा. एमएल विश्वकर्मा, डा. रश्मि शर्मा, रामसूरत विश्वकर्मा, पुष्पा देवी, कुलदीप कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है।
ये भी पढ़ें -UP News : अभिनेता नवाजुद्दीन की पत्नी को जवाब देने के लिए मिला एक महीने का समय
