राहुल गांधी का रावण रूप में पोस्टर लगाना राजनीति का घटियापन : प्रमोद तिवारी
प्रतापगढ़। भाजपा द्वारा राहुल गांधी की तुलना रावण से करने और रावण के रुप में उनका पोस्टर लगाना राजनीति का घटियापन है।उक्त बातें राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने शनिवार को लालगंज स्थित अपने कैंप कार्यालय पर प्रेसवार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा के इस प्रकार के पोस्टर लगाए जाने से राहुल गांधी की प्रतिष्ठा पर कोई आंच नही आने वाली है। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अपने प्रवक्ताओं तथा नेताओं की टीम उतारकर इस ओछी राजनीति को हवा दे रहा है। इससे भाजपा के नेताओं का चरित्र एवं दूषित चेहरा भी आम जनता के सामने उजागर हो गया है।
कहा कि भाजपा इंडिया गठबंधन से बौखला गई है। राजनीति में भाजपा की इस स्थिति की सोंच उसकी हताशा का परिचायक है। साथ ही राज्यसभा सदस्य ने अमेठी जनपद के मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल को खोलने के लिए उच्च न्यायालय के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने राजनैतिक लाभ के लिए भगवान श्रीराम के नाम का राजनीतिकरण कर रही है। यह निन्दनीय आचरण है। प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल, प्रमुख अमित सिंह, सन्तोष द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
