बरेली: कुतुबखाना पुल निर्माण...दो लोगों की मौत फिर भी सबक नहीं ले रहे अफसर
मजदूर जान हथेली पर रखकर कर रहे काम, नीचे वाहनों का आवागमन भी जारी
बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना पुल के निर्माण में लापरवाही की वजह से अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है, इसके बावजूद भी अफसरों ने सबक नहीं लिया। पुल निर्माण में सुरक्षा मानकाें की अनदेखी की जा रही है। मजदूर बिना सुरक्षा उपकरण के काम कर रहे हैं और नीचे से वाहन भी गुजर रहे हैं, जबकि कुछ दिनों पहले शटरिंग प्लेट गिरने से एक राहगीर की मौत हो गई।हालांकि कार्यदायी संस्था सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर मजदूरों से काम कराने का दावा कर रही है। मजदूरों के पास न तो सेफ्टी बेल्ट है और न ही सभी मजदूर हेलमेट लगा रहे हैं। रविवार को भी बिना सुरक्षा मानकों के काम होता दिखा।
कोहाड़ापीर रोड और घंटाघर चौराहा के पास पुल की शटरिंग को गर्डर चढ़ाने का काम खतरों के बीच किया। सेतु निगम के महाप्रबंधक केएन ओझा ने बताया कि उप परियोजना प्रबंधक नियमित रूप से साइट का निरीक्षण कर रहे हैं। जहां खतरा महसूस होता है, वहां सुरक्षाकर्मियों को लगाकर आवागमन रोका जा रहा है। कई लोग प्रतिबंध का उल्लंघन करते हुए आगे बढ़ जाते हैं। ऐसे में निर्माण की रफ्तार भी प्रभावित होती है। निर्माण के दौरान लोगों का सहयोग अपेक्षित है।
वहीं कार्यदायी संस्था के एमडी एमके सिंह ने बताया कि उनके गार्ड लोगों को रोकते हैं, लेकिन लोग उनकी बात को अनसुना कर जरूरी काम होने की बात कहते हुए आगे बढ़ जाते हैं। पिछले दिनों कोहाड़ापीर रोड पर तैयार पिलरों पर चेतावनी भी लिखवा दी गई है। निरीक्षण करने आए स्मार्ट सिटी के अफसरों को वह कई बार इस हकीकत से वाकिफ करा चुके हैं। पिछले दिनों कोतवाली में जिला प्रशासन को भी इस समस्या से अवगत कराया था पर लोग मानने को तैयार नहीं।
ये भी पढ़ें- बरेली: तीन छात्राओं से दुष्कर्म की कोशिश, विरोध पर मारपीट
