अमरोहा: रजबपुर की महिला व दो बच्चों की दिल्ली में संदिग्ध मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। जनपद के रजबपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला व उसके दो बच्चों के रक्तरंजित शव दिल्ली के मुनारिका इलाके के एक फ्लैट में संदिग्ध हालत में मिले हैं। महिला का पति नारकोटिक्स विभाग में नौकरी करता है। परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है।

रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव शकरपुर निवासी किसान हेमंत शर्मा ने पांच वर्ष पूर्व अपनी बेटी वर्षा शर्मा की शादी मुरादाबाद के थाना छजलैट के गांव ढाकी निवासी लवकुश शर्मा से की थी। लवकुश दिल्ली में नारकोटिक्स विभाग में नौकरी करता है। वह दिल्ली के मुनारिका मैट्रो स्टेशन के पास फ्लैट लेकर रहता था।

दो साल पहले वह पत्नी वर्षा शर्मा को भी अपने साथ ले गया था। वर्षा के पास ढाई साल का बेटा अभिमन्यु व डेढ़ साल का बेटा विरांश है। रविवार सुबह लवकुश शर्मा घर से मुरादाबाद जाने के लिए निकला था। इसके कुछ घंटे बाद ही वर्षा शर्मा (27), बेटे अभिमन्यु व विरांश के रक्तरंजित शव मिले।

तीनों की संदिग्ध मौत से आसपास हड़कम्प मच गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गयी। मायके वालों के मुताबिक वर्षा व उसके दोनों बेटों की हत्या की गई है। पुलिस ने तीनों के शव कब्जे में ले लिए हैं। सोमवार को तीनों शवों का दिल्ली में पोस्टमार्टम होगा। इसके बाद पता लगेगा कि वर्षा व उसके दोनों बेटों की मौत कैसे हुई।

यह भी पढ़ें- अमरोहा: गन्ने के खेत में मिला गाजियाबाद के टैक्सी चालक का शव

संबंधित समाचार