UP: सर कलम कर कब्र में दफना देंगे… कथावाचक आचार्य शिवाकांत जी महाराज को मिली धमकी, परिवार की जान को बताया खतरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में कथावाचक आचार्य शिवाकांत जी महाराज को धमकी मिली।

कानपुर में कथावाचक आचार्य शिवाकांत जी महाराज सर कलम कर कब्र में दफनाने की धमकी मिली। कथावाचक ने कल्याणपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

कानपुर, अमृत विचार। सनातन धर्म के लिए यात्रा कर प्रचार प्रसार करने वाले कथावाचक ने कल्याणपुर थाने पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि यात्रा के दौरान उनसे मुस्लिम संगठन और अन्य धर्म के लोग प्रभावित हो रहे हैं। इस कारण कुछ संगठनों और अराजकतत्वों को अच्छा नहीं लग रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपियों ने उन्हें सर कलम कर कब्र में दफनाने की धमकी दी है।   

इंदिरा नगर के कान्हा श्याम रेजीडेंसी निवासी कथावाचक आचार्य शिवाकांत जी महाराज ने पुलिस को बताया कि वह सनातन धर्म के प्रचार प्रसार के लिए जगह-जगह यात्रा कर रहे हैं। बताया कि यात्रा के दौरान कुछ मुस्लिम और दूसरे धर्म के लोग भी सनातन धर्म से प्रभावित हो रहे हैं। लेकिन यह कुछ मुस्लिम संगठन व अराजक तत्वों को अच्छा नहीं लग रहा है। अराजकतत्वों व कुछ मुस्लिम संगठन के लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें गालियां दे रहे हैं।

साथ ही सर कलम कर कब्र में दफनाकर जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने पुलिस से आशंका जाहिर की है कि उन पर कभी भी जानलेवा हमला करवाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह कहीं भी जाते हैं, तो कुछ संदिग्ध लोग उनकी गाड़ियों का पीछा करत हैं। इस कारण परिवार के लोगों को भी जानमाल का खतरा बना हुआ है।

इस संबंध में कल्याणुर इंस्पेक्टर धनन्जय पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ धारा 507 (गुमनाम संचार द्वारा आपराधिक धमकी) और 66 डी (आईएक्ट) के तहत एफआईआर दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

संबंधित समाचार