बदायूं: दातागंज में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, हाइवे का साफ कराया रास्ता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। दातागंज-शाहजहांपुर स्टेट हाइवे के निर्माण में बाधक बन रहीं दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया। प्रशासन ने पहले ही दुकानदारों को चेतावनी दी थी कि वह खुद ही अतिक्रमण को हटा लें। चेतावनी देने के सातवें दिन बड़ी संख्या में पुलिस बल को बुलाकर तहसील प्रशासन ने अतिक्रमण को हटवाया। इससे संकरी रोड भी काफी चौड़ी दिखने लगी। हाइवे के निर्माण को दोनों साइडों से 26-26 फिट जमीन को खाली कराया गया। इससे अब बेलाडांडी मार्ग जाम से मुक्त हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- बदायूं: भाई और भतीजों ने 50 हजार रुपये की सुपारी देकर कराई थी रक्षपाल की हत्या 

दातागंज से शाहजहांपुर के लिए स्टेट हाईवे का निर्माण कार्य कुछ समय पहले ही शुरू हुआ है। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही बेलाडांडी रोड पर अतिक्रमण पर लाल निशान लगाते हुए दुकानदारों को चेतावनी दी गई थी कि वह अपनी दुकानों को खुद ही तोड़ लें। करीब चार सौ दुकानों के इस मार्केट में अतिक्रमण की वजह से दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में जब हाईवे मंजूर हुआ तो सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया गया।

तहसील प्रशासन ने हाइवे के निर्माण में बाधक बन रहे अतिक्रमण को हटवाने के लिए नोटिस जारी कर सात दिन का समय दिया था। सोमवार को एसडीएम धर्मेंद्र सिंह, सीओ कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में चार थानों का फोर्स बुलाया गया। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के पहुंचने के बाद जेसीबी मंगवाई गई और दुकानों को तोड़ने का कार्य शुरू किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल देखकर किसी ने भी विरोध करने का साहस नहीं जुटाया। 

इस मार्ग पर तीन धार्मिक स्थल हैं जिनकी देखरेख करने वालों ने खुद ही उनको दूसरी जगह शिफ्ट करने का कार्य शुरू किया। एसडीएम ने बताया कि तीन दिन तक अभियान चलाकर इस रोड को पूरी तरह से खाली कराया जाएगा। यहां दोनों ओर 26-26 फिट जगह खाली कराने का खाका तैयार किया गया है। इधर, अतिक्रमण हटने के बाद दातागंज वासियों को जाम से भी छुटकारा मिलेगा।

यह भी पढ़ें- बदायूं: ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक घायल

संबंधित समाचार