बरेली: पूर्ति निरीक्षक ने खुद की जांच रिपोर्ट पर शिकायत का किया फर्जी निस्तारण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ग्रामीणों ने खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव से की शिकायत, शासन ने लिया संज्ञान, जांच के हुए आदेश

बरेली, अमृत विचार। आईजीआरएस पर कोटेदार की शिकायत का पूर्ति निरीक्षक पर फर्जी तरीके से निस्तारण करने का आरोप लगाते हुए नवाबगंज तहसील के करुआ साहबगंज गांव के लोगों ने प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग से मामले की शिकायत की है। आरोप है कि पूर्ति निरीक्षक ने सीडीओ की ओर से कराई गई जांच रिपोर्ट काे भी दरकिनार किया है। मामले का शासन ने संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं, इससे विभाग में खलबली मच गई है।

करुआ साहबगंज गांव के इकरार अहमद, नवाब, रहीस, ताहिर हुसैन, अखिलेश, संतराम आदि लोगों ने कोटेदार की मनमानी को लेकर शिकायत की थी। आरोप है कि जनसुनवाई पोर्टल पर की गई शिकायत संख्या 6000023009257 का पूर्ति निरीक्षक नवाबगंज ने 26 मई 2023 को फर्जी निस्तारण कर दिया। ग्रामीणों ने प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा कि काेटेदार जलील अहमद की शिकायत 24 मार्च 2023 को सीडीओ से की गई थी। जांच में वह दोषी पाए गए थे। डीएम के आदेश पर मामले में एसएसपी ने केस भी दर्ज कराया था, लेकिन आराेप है कि पूर्ति निरीक्षक ने एक अन्य प्रार्थना पत्र पर स्वत: जांच करके भेजी गई रिपोर्ट में उल्लेख किया कि एसडीएम नवाबगंज को सौंपकर कोटेदार की जमानत राशि शासन के पक्ष में जब्त की जाए। 

वहीं, बार-बार शर्ताें और शासन के आदेशों के उल्लंघन को लेकर अनुबंध पत्र को निरस्त कर निलंबित किया जा चुका है। प्रमुख सचिव को की गई शिकायत में कहा गया कि उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाए बिना ही खुद की जांच आख्या पर शिकायत का पूर्ति निरीक्षक ने निस्तारण कर कोटेदार को लाभ पहुंचाया है। सीडीओ की ओर से कराई गई जांच का भी संज्ञान नहीं लिया गया। खाद्य एवं रसद विभाग के विशेष सचिव, प्रमुख सचिव ने मामले को संज्ञान में लिया है। जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने के आदेश दिए हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: कुतुबखाना के व्यापारियों की फड़-ठेले वालों से फिर ठनी, दुकानें बंद कर धरने पर बैठे

संबंधित समाचार