प्रयागराज: अशरफ की पत्नी जैनब ने प्राथमिकी को चुनौती देते हुए दाखिल की याचिका
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट में गैंगस्टर खालिद अजीम उर्फ अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा ने उसके खिलाफ दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट को चुनौती देते हुए एक आपराधिक याचिका दाखिल की है। इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति विवेक कुमार बिड़ला और न्यायमूर्ति विनोद दिवाकर की खंडपीठ इसी सप्ताह कर सकती है।
जैनब पर यूपी पुलिस ने 2005 के राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और दो पुलिस गार्डों की हत्या के बाद शूटरों को प्रयागराज से भागने में मदद करने का आरोप लगाया है। जैनब फिलहाल फरार चल रही है। मालूम हो कि धूमनगंज पुलिस स्टेशन में अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, अतीक के दोनों बेटों, सहयोगी गुड्डू मुस्लिम और गुलाम तथा जैनब और नौ अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस और मीडिया की मौजूदगी में एक दिल दहला देने वाली घटना में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब उन्हें मेडिकल परीक्षण हेतु प्रयागराज के एक अस्पताल में ले जाया जा रहा था। गत 30 सितंबर को उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष यह बताया कि गैंगस्टर अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या की जांच में यूपी पुलिस की ओर से पारदर्शिता के साथ कार्य किया गया है।
यह भी पढ़ें: 'राहुल गांधी की जुबान फिसली', भाजपा बोली- कांग्रेस नेता ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हार स्वीकारी
