अयोध्या: विद्युत कटौती से उपभोक्ता त्रस्त, सिंचाई भी प्रभावित
बिजली कटते ही अधिकारी कर लेते हैं मोबाइल स्विच ऑफ, बीते 24 घंटे में मात्र 8 घंटे ही बिजली की मिली सप्लाई
बीकापुर, अयोध्या, अमृत विचार। विद्युत उपकेंद्र बीकापुर क्षेत्र अंतर्गत पिछले सप्ताह से लगातार बिजली की कटौती से विद्युत उपभोक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आने और जाने का रोस्टर समझ में नहीं आ रहा है। गंभीर यह है कि कटौती होते ही अवर अभियंता से लेकर लाइनमैन तक का मोबाइल बंद हो जाता है।
किसान रमाकांत द्विवेदी, रमाकांत पाण्डेय, राम आशीष यादव, महेंद्र यादव, ललित कुमार पाण्डेय, हनुमंत पाण्डेय, रनजीत सिंह भदोरिया, भूपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि बीते 24 घंटे में लगभग 8 घंटे ही बिजली मिल पाई है। वह भी दर्जनों पर बिजली की कटौती के बाद। किसान बिजली आने के इंतजार में नलकूपों पर बैठे रहते हैं। सिंचाई तक नहीं हो पा रही है।
वहीं नगरीय क्षेत्रों में व्यापारियों को विद्युत आपूर्ति में कटौती होने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात में मात्र चार घंटे ही बिजली उपभोक्ताओं को मिल पाई है। उसमें भी लगातार कटौती होती रहती थी।
बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाबत जानकारी के प्रयास पर अधिकारियों के सेल फोन स्विच ऑफ रहते हैं। इतना ही नहीं जेई सौरभ कुमार से जब बिजली जाने और आने का रोस्टर उपभोक्ता पूछते हैं तो वह उत्तर देने के बजाए मोबाइल फोन बंद कर लेते हैं। मंगलवार को कई बार संपर्क किया गया लेकिन मोबाइल बंद मिला।\
यह भी पढ़ें:-मुलायम सिंह यादव की पहली पुण्यतिथि आज, अखिलेश यादव समेत पार्टी के दिग्गज नेता सैफई में में देंगे श्रद्धांजलि
