पश्चिमी देशों, चीन के बीच खाई बढ़ने से भारत अच्छी स्थिति मेंः कौशिक बसु
नई दिल्ली। विश्व बैंक के पूर्व मुख्य अर्थशास्त्री कौशिक बसु ने कहा है कि पश्चिमी देशों और चीन के बीच बढ़ती खाई को देखते हुए भारत वैश्विक स्तर पर अच्छी स्थिति में है। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई है कि भारत को खास बनाने वाले तीनों स्तंभ- लोकतंत्र, स्वतंत्र मीडिया एवं धर्मनिरपेक्षता को देश पकड़े रहेगा।
ये भी पढ़ें: काम और कांग्रेस पार्टी में इतना व्यस्त रहा कि शादी के बारे में सोच ही नहीं सका: राहुल गांधी
कॉर्नेल विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर बसु ने कहा कि इन तीन स्तंभों की अब खास तौर पर जरूरत है क्योंकि दुनिया इस समय महामारी के बाद की आर्थिक और सामाजिक अनिश्चितताओं से गुजर रही है।
कॉर्नेल विश्वविद्यालय ने प्रोफेसर बसु के हवाले से बयान में कहा, ‘‘पश्चिमी देशों और चीन के बीच बढ़ती खाई को देखते हुए भारत विश्व स्तर पर अच्छी स्थिति में है।’’ बसु ने कहा कि पिछली सदी में आजाद हुए कई देशों में से भारत अपने लोकतंत्र, स्वतंत्र मीडिया और धर्मनिरपेक्षता के लिए खड़ा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘इनसे आर्थिक वृद्धि के लिए बुनियाद तैयार होती है। उम्मीद करते हैं कि भारत को विशेष बनाने वाले इन राजनीतिक स्तंभों को थामकर रखने की समझदारी राष्ट्र के पास बनी रहेगी।
’’ कॉर्नेल विश्वविद्यालय में 13-14 अक्टूबर को भारतीय अर्थव्यवस्था पर एक बड़े सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें इन्फोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के पूर्व अध्यक्ष नौशाद फोर्ब्स के सार्वजनिक व्याख्यान होंगे।
ये भी पढे़ं- न्यायालय ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर मांगी रिपोर्ट
