अमेठी: सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में स्मृति के साथ सीएम योगी भी होंगे शामिल
करोड़ों की विकास योजनाओं का होगा लोकार्पण-शिलान्यास
अमेठी। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री व अमेठी सांसद स्मृति इरानी अपने संसदीय क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सांसद खेलकूद प्रतियोगिता करवा रही है।
प्रधानमंत्री के जन्म दिवस से शुरू हुई प्रतियोगिता का समापन समारोह 13 अक्टूबर को गौरीगंज के कौहार मैदान होगा। जिसमें स्मृति के साथ प्रदेश के जन नायक मुख्यमंत्री यीगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सहित कई मंत्री, सांसद, खिलाड़ी व लोक कलाकार शामिल होंगे। कार्यक्रम में करोड़ों की लागत से स्थापित होने वाली विकास की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास भी होगा।
केंद्रीय केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को स्मृति के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी अपने हाथों से ट्राफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। इसके साथ स्मृति के प्रयास से अमेठी के विकास को एक नया आयाम देने के लिए मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष द्वारा करोड़ों की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया जाएगा।
समापन समारोह में सांसद मनोज तिवारी, दिनेश लाल यादव निरहुआ, प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी, सलोन विधायक अशोक कुमार सहित कई अन्य नामी खिलाड़ी व लोक कलाकार शामिल होंगे। कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी चल रही है। कार्यक्रम में आने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने पाए।
इसको लेकर हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा। कार्यक्रम में डेढ़ लाख के करीब लोगों के आने की संभावना है। सांसद खेलकूद प्रतियोगिता में कुल एक लाख 30 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने अलग-अलग स्तर पर प्रतिभाग कर एक नया कीर्तिमान बनाया है। ऐसे में समापन समारोह को भव्य बनाने की हर संभव कोशिश की जा रही है। लोक कलाकारों अपनी प्रस्तुति देने के लिए कार्यक्रम में बुलाया गया है।
ये भी पढ़ें -अमेठी में CM योगी का दौरा प्रस्तावित,आईजी और कमिश्नर ने की समीक्षा बैठक
