गोंडा में शोहदों से परेशान छात्रा ने छोड़ी पढ़ाई, पुलिस अंजान
करनैलगंज/ गोंडा, अमृत विचार। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र में शोहदों की छेड़खानी से आजिज कक्षा 11वीं की एक छात्रा का स्कूल जाना बंद हो गया है और उसकी पढ़ाई ठप हो गयी है। आरोप है कि कस्बे का एक युवक उसे लगातार परेशान कर रहा है और उसे अगवा कर गायब कर देने की धमकी दे रहा है। पीडिता आरोपी के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट भी दर्ज करा चुकी है लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने से आरोपी के हौंसले बुलंद हैं। हैरत की बात यह है कि मिशन शक्ति अभियान चलाकर बेटियों की सुरक्षा की दावा करने वाली पुलिस इस मामले से ही अंजान है।
कर्नलगंज कस्बे की रहने वाली एक महिला के मुताबिक उसकी 17 वर्षीय बेटी कस्बे के ही एक इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा है। आरोप है कि बेटी जब कॉलेज जाती है तो मोहल्ले का ही एक ही शोहदा उसके साथ छेड़खानी करता है और उसे पर भद्दे कमेंट करता है। जुलाई महीने में बेटी एक दिन कॉलेज जा रही थी तो आरोपी ने उसे जबरन हाथ पकड़ कर घसीटा और अपनी बाइक पर बैठने की कोशिश की। बेटी ने घर जाकर पूरी बात बताई तो आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली लेकिन आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की। जिससे उसके हौसले और बुलंद हो गए और वह अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ बेटी को परेशान करने लगा एक दिन आरोपी और उसके दोस्तों ने उसकी बेटी को अगवा कर गायब कर देने की धमकी दी जिससे उसकी बेटी बेहद डर गयी।
महिला का कहना है कि इन शोहदों के डर से उसकी बेटी ने स्कूल जाना बंद कर दिया है और उसकी पढ़ाई ठप हो गई है। महिला का आरोप है कि आरोपी शहाबुद्दीन अभी उसकी बेटी को इंटरनेट कॉल करके धमकी देता है। पीड़ित छात्रा की मां का कहना है कि इस घटना के बाद से उसकी बेटी 11वीं की परीक्षा नहीं दे पाई। वह आगे पढ़ना चाहती है लेकिन आरोपी के डर से वह स्कूल नहीं जा पा रही है। छात्रा की मां ने सोमवार को डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह से मुलाकात की और उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। छात्रा की मां ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
इस घटना के संबंध में जब करनैलगंज के क्षेत्राधिकार चंद्रपाल शर्मा से बात की गई तो उन्होंने इससे अनभिज्ञता जताई। सीईओ ने बताया कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है अगर शिकायत मिलती है तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, लेकिन सवाल यह है कि जब जुलाई में ही छात्र की तरफ से छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है तो अब तक आरोपी मनचले के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
पुलिस के मिशन शक्ति अभियान पर सवाल
महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए प्रदेश की योगी सरकार ने एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन कर रखा है। थानों में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है और बेटियों व महिलाओं को जागरूक करने के लिए लगातार मिशन शक्ति अभियान चलााया जा रहा है, बावजूद इसके कर्नलगंज कस्बे में शोहदों के आतंक से एक छात्रा की पढ़ाई ठप होना इस अभियान पर बड़े सवाल खड़ा करता है। लोगों का कहना है कि शोहदों में अब इस तरह के अभियान का भय नहीं रह गया है।
ये भी पढ़ें -छत्तीसगढ़ से अयोध्या आ रही महिला श्रद्धालु की रास्ते में मौत
