बरेली: सड़क बनाने के नाम पर लाखों के गबन में बीडीओ समेत सात को नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डीसी मनरेगा ने जारी किया नोटिस, 15 दिन में मांगा स्पष्टीकरण

बरेली, अमृत विचार। शेरगढ़ ब्लॉक के आकलाबाद गांव में सीसी रोड और नाली बनाने के नाम पर हुए लाखों के गबन के मामले में डीसी मनरेगा ने बीडीओ समेत सात लोगों को नोटिस जारी किया है। डीसी मनरेगा ने 15 दिन में सभी से स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए हैं। जवाब मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, आकलाबाद गांव में नारायन लाल के घर से मुरारीलाल के घर तक सीसी रोड और नाली बनाने के लिए ग्राम पंचायत निधि से दो लाख 87 हजार 390 रुपये निकाले गए थे, लेकिन न सड़क बनी और न ही नाली। सड़क और नाली बनाने के नाम पर निकाली गई धनराशि की जानकारी होने के बाद ग्राम पंचायत के मजरा सुंदर गौटिया के सूर्यप्रकाश ने 18 अगस्त को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से इसकी शिकायत की थी। 

उपमुख्यमंत्री ने मामले को संज्ञान में लेते हुए सीडीओ को जांच कराने का आदेश दिया। सीडीओ के निर्देश पर डीसी मनरेगा ने बीडीओ शेरगढ़ से मामले की जांच कराई। जांच में मामला सही पाया गया। इसके बाद डीसी मनरेगा ने सरकारी धनराशि की रिकवरी का आदेश दिया था। अब डीसी मनरेगा ने शेरगढ़ के बीडीओ, एपीओ, रोजगार सेवक, लेखाकार, कंप्यूटर ऑपरेटर, प्रधान, सचिव को नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब मांगा है। डीसी मनरेगा मो. हबीब अंसारी ने बताया कि नोटिस का जवाब का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद मामले में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। धनराशि की रिकवरी के साथ सरकारी धनराशि हड़पने में भी कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़ें- बरेली: मलेरिया के मरीजों की संख्या पहुंची तीन हजार पार, डेगू के आंकड़ों ने लगाया दोहरा शतक

संबंधित समाचार