बरेली: एक दिन में तीन सौ से ज्यादा कार्ड धारकों को राशन बांटने में 37 कोटेदारों की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एक दिन पहले अंगूठा लगवाकर राशन बाद में देने का आरोप

बरेली, अमृत विचार। जिले के कई कोटेदारों ने एक ही दिन में 300 से ज्यादा कार्ड धारकों को राशन बांट दिया। ऐसे 37 कोटेदार जांच के घेरे में आ गए हैं। पूर्ति विभाग की टीमें राशन वितरण में अनियमितता की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जांच में कोई अनियमितता नहीं मिली है।

बरेली समेत प्रदेश के कई जिलों में शिकायतें मिल रहीं थीं कि कुछ कोटेदार एक दिन पहले अंगूठा लगवा लेते हैं और अगले दिन राशन दिया जाता है। इसके अलावा कई बार कोटेदार अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं देते। जांच में कई बार इस तरह की शिकायतें सही भी पाईं गईं। वैसे एक ही दिन में 300 या उससे ज्यादा कार्ड धारकों को राशन का वितरण करना मुमकिन नहीं होता। कहीं न कहीं कोटेदारों की भूमिका संदेह के घेरे में रहती है। लिहाजा कोटेदारों की मनमानी पर लगाम कसने के लिए विभागीय अधिकारियों ने ऐसे कोटेदार की जांच शुरू की जिन्होंने 300 से ज्यादा कार्डधारकों को एक ही दिन में राशन बांट दिया। 

अधिकारियों की मानें तो जिले के 37 कोटेदार इस जांच के दायरे में आए हैं। आंवला, बहेड़ी, मीरगंज, फरीदपुर समेत शहर में भी कोटेदारों की जांच की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि फिलहाल जांच में कोई ऐसी अनियमितता तो नहीं मिली, लेकिन एक कोटेदार पर कार्ड धारकों ने प्रति यूनिट आधा किलो राशन कम देने का आरोप लगाया। जिसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बरेली: सेटेलाइट होटल में फंदे पर लटका मिला कर्मचारी का शव

संबंधित समाचार