बरेली: अवैध रिफलिंग का बड़ा खेल, बहेड़ी के व्यापारी पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गैस चूल्हा दुकान की आड़ में होती थी अवैध रिफिलिंग

बरेली/बहेड़ी, अमृत विचार। पूर्ति विभाग की टीम ने 6 अक्टूबर को बहेड़ी में गैस चूल्हा की दुकान पर छापा मारकर मौके से 25 सिलेंडर बरामद किये थे। अब मंगलवार को अवैध रूप से रिफलिंग और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के आरोप में पूर्ति विभाग ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत व्यापारी पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि बहेड़ी के राजा टाकीज के पास गैस चूल्हा दुकानदार मोहम्मद साजिद की दुकान पर छापा मारा गया था। जहां 14.200 ग्राम क्षमता वाले 23 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर और दो कामर्शियल सिलेंडर पाये गये। इनमें 15 घरेलू सिलेंडर भरे और आठ खाली थे। इसके अलावा दो कामर्शियल सिलेंडर भी खाली थी। मौके से एक इलेक्ट्रिक मशीन भी मिली जिसके जरिये छोटे सिलेंडरों और गाड़ियों में गैस रिफलिंग का कार्य किया जाता था। 

पड़ोस में एनआर सीएससी केंद्र चलाने वाले आरोपी दुकानदार के भाई ने लिखित बयान दर्ज कराया कि दुकान में गैस सिलेंडर ग्राम मानपुर स्थित अभिनव एजेंसी के यहां से लिए जाते हैं। एजेंसी की गाड़ी यह सिलेंडर पहुंचाकर जाती है। वहीं आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी दुकानदार अलग-अलग कंपनियों के खाली सिलेंडर लेकर भरा हुआ सिलेंडर अधिक कीमत पर देता है। पूर्ति निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने बहेड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर बरामद सिलेंडर और रिफलिंग मशीन को बहेड़ी गैस सर्विस की सुपुर्दगी में दिये हैं।

किस एजेंसी आए सिलेंडर होगी जांच
जांच में पूर्ति विभाग की टीम ने पाया दुकानदार के भाई ने अभिनव गैस एजेंसी से गैस सिलेंडर लेने का बयान विरोधाभासी है, क्योंकि यहां जो सिलेंडर मिले उनमें कोई भी एसपीसी का नहीं। लेकिन जांच का विषय जरूर है कि किस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त हुये।

ये भी पढ़ें- बरेली: बीआईयू कॉलेज ऑफ फार्मेसी में हुआ एक दिवसीय सेमिनार, दवा उद्योग के बारे में जाना

संबंधित समाचार