Kanpur Dehat: पूर्व प्रधान की धारधार हथियार से की हत्या… गर्जन व दाएं हाथ में कई वार के निशान, आरोपी पुलिस हिरासत में
कानपुर देहात में पूर्व प्रधान की धारदार हथियार से हत्या।
कानपुर देहात में पूर्व प्रधान की धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। राजपुर के सरदारपुर गांव के पास मुगल रोड किनारे नंदना गांव के पूर्व प्रधान की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। खेत की मेड़ पर उनका रक्तरंजित शव पड़ा देख लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी व एएसपी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
सिकंदरा थाना क्षेत्र के नंदना गांव निवासी पूर्व प्रधान राजेश कटियार उर्फ मिस्टर (50) का सरदारपुर गांव के समीप सड़क किनारे शुभ फार्म हाउस है। वह पिछले दस सालों से फार्म हाउस पर परिवार से अलग रहते थे। राजेश की पत्नी आकांक्षा कटियार कानपुर नगर के भीतरगांव ब्लॉक में प्राइमरी स्कूल में शिक्षक पद पर तैनात हैं और बेटी श्रया (9) व बेटे शुभ कटियार (7) के साथ कानपुर में निवास करती हैं।
पूर्व प्रधान राजेश कटियार के बड़े भाई रामप्रकाश ने पुलिस को बताया कि फार्म हाउस के सामने आम रास्ते के बाद नंदना गांव निवासी रमाकांत कटियार का पांच बीघा का खेत है। बुधवार को रमाकांत अपने खेत की मेड़ पर लोहे के एंगल गाड़ने के लिए गड्ढा खोदाई कर रहे थे। इसी दौरान राजेश कटियार का रमाकांत से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि रमाकांत ने अपने दो सहयोगियों के साथ फावड़े से गर्दन में वार कर पूर्व प्रधान राजेश कटियार की हत्या कर दी। खेत की मेड़ पर पूर्व प्रधान का रक्तरंजित शव पड़ा देख आसपास गांवों के सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। मृतक की गर्दन व दाएं हाथ में धारदार हथियार के वार के निशान मिले।
जानकारी पर एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एएसपी राजेश पांडेय, सीओ भोगनीपुर रविकांत गौड़ सिकंदरा, राजपुर, सटटी व अमराहट थाने का फोर्स लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर छानबीन करते हुए परिजनों से जानकारी जुटाई। एसपी ने डॉग स्क्वायड व फॉरेसिक टीम बुलाकर मौके से साक्ष्य संकलित कराए। इधर घटनास्थल पर पहुंची मृतक की मां लीलावती, बड़े भाई रामप्रकाश, राजाबाबू, बहन लौंगश्री, सरोजनी देवी समेत अन्य परिजन बिलखते रहे। मामले में भोगनीपुर सीओ रविकांत गौड़ ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
नंदना गांव में राजेश कटियार की हत्या की सूचना पर छानबीन की गई है। डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथमदृष्टया पाया गया कि मृतक की पड़ोसी खेत मालिक रमाकांत कटियार व उसके दो अन्य साथियों से किसी बात पर कहासुनी के बाद हत्या हुई है। जमीनी विवाद जैसा कोई मामला नहीं है। मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।- बीबीजीटीएस मूर्ति (पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात)
