बरेली: ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक के बाहर दलाल हुए सक्रिय, पांच हजार देने के बाद भी आवेदक हो रहे टेस्ट में फेल
पैसे लेने वाले दलाल आवेदक से बोले दूसरी बार में हो जाएंगे पास
बरेली, अमृत विचार। परसाखेड़ा ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर टेस्ट देने वाले आवेदकों से दलाल पांच-पांच हजार रुपये तक वसूल रहे हैं। इसके बावजूद आवेदक फेल हो जा रहे हैं। जब आवेदक दलाल से रुपये वापस मांग रहे हैं तो दूसरी बार में पास होने का बहाना बना रहे हैं। जिसके बाद दलाल एक सप्ताह बाद उनकी दोबारा फीस कटवाकर टेस्ट दिलवा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: गैंगस्टर शराफत की 1.31 करोड़ की संपत्ति जब्त, मकान-दुकान को खाली कराकर किया सील
नकटिया आरटीओ के बाद अब परसाखेड़ा ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक के बाहर भी दलाल सक्रिय हो गए हैं। सेंसर युक्त ट्रैक पर पास होने के लिए आवेदकों को आसानी से सफलता नहीं मिल रही है। दलाल आवेदकों को अपने जाल में फंसाकर पास कराने का झांसा देकर रुपये ऐंठ रहे हैं।
नाम नहीं छापने की शर्त पर एक आवेदक ने बताया कि उसने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। उसके बाद लर्निंग लाइसेंस फेसलैस के तहत बनवा लिया। एक महीने बाद परमानेंट लाइसेंस की फीस कटवाने के बाद वह ड्राइविंग टेस्ट देने के लिए परसाखेड़ा ट्रैक पर पहुंचे।
यहां पर ट्रैक के बाहर मौजूद एक युवक ने पांच हजार रुपये लेकर पास कराने का दावा किया, लेकिन वह पहली बार में टेस्ट देने पर फेल हो गए। उसके बाद उन्होंने युवक से बात की तो उसने दोबारा फीस कटवाकर दोबारा टेस्ट देने पर पास होने की बात कही। इसी तरह कई आवेदक टेस्ट में पास होने के लालच में आकर दलाल को पैसे दे चुके हैं, लेकिन वह पास नहीं हो रहे हैं।
पास होना आसान नहीं
परसाखेड़ा ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर पास होना आसान नहीं है। पूरा ट्रैक सेंसर से लैस है। हर तरफ सीसीटीवी कैमरों को लगाया गया है। टेस्ट देते समय गाड़ी सेंसर से टच होते ही फेल होने के चांस बढ़ जाते हैं। वहीं कार के लिए कई तरह के ट्रैक पर 30 से 45 सेकेंड में पास करने का समय निर्धारित किया गया है।
आवेदक ट्रैक पर खुद आकर टेस्ट दें। टेस्ट देने से पहले उन्हें ट्रैक के बारे में समझाकर वीडियो दिखाई जा रही है। किसी को पैसे देकर पास होने के झांसे में बिल्कुल नहीं आए। अब पास होने वाले आवेदकों की संख्या में भी इजाफा हुआ है--- मोहित चतुर्वेदी, प्रोजेक्ट मैनेजर।
यह भी पढ़ें- बरेली: IVF से होगी बछड़ों की एडवांस प्रजाति विकसित, वैज्ञानिक तैयार कर रहे प्लान
