बरेली: छात्रा को ट्रेन के आगे फेंका...CM ने जताई नाराजगी तो दौड़े अफसर, इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड
सीबीगंज में छेड़खानी के विरोध पर छात्रा को ट्रेन के आगे फेंकने की घटना से पूरी रात बेखबर बने रहे अफसर
बरेली/सीबीगंज, अमृत विचार। छेड़खानी का विरोध करने पर ट्रेन के आगे फेंकने से 12वीं की छात्रा के दोनों पैर और एक हाथ कट जाने की घटना का मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए नाराजगी जताई तो पूरी रात बेखबर रहा पुलिस और प्रशासन हिल उठा।
एक तरफ कमिश्नर, आईजी, डीएम और एसएसपी समेत तमाम अफसर अस्पताल में भर्ती पीड़िता का हालचाल जानने दौड़े तो दूसरी तरफ आननफानन इंस्पेक्टर सीबीगंज के साथ हल्के के दरोगा और सिपाही को भी निलंबित कर दिया गया। आरोपी और उसके पिता को भी मुख्यमंत्री के नाराजगी जताने के बाद गिरफ्तार किया गया।
सीबीगंज इलाके की 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा से मंगलवार शाम कोचिंग से लौटते समय गांव के ही एक युवक ने छेड़खानी की थी और विरोध करने पर उसे खड़ौआ रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन के आगे धक्का दे दिया था। इससे उसके दोनों पैर और एक हाथ कट गया।
काफी देर वह लहूलुहान हालत में रेलवे क्रॉसिंग के पास पड़ी रही, उसके बाद उसे उठाकर अस्पताल भेजा गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने इसके बावजूद इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया। रात में रिपोर्ट तक दर्ज नहीं हुई। यह घटना अखबारों में सुर्खियां बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेने के बाद अफसरों पर नाराजगी जताई, तब कहीं वे हरकत में आए।
अफसरों ने अस्पताल जाकर पीड़िता का हालचाल लिया। इसके साथ इंस्पेक्टर सीबीगंज अशोक कंबोज, हल्के के दरोगा नितेश कुमार शर्मा और सिपाही आकाशदीप को निलंबित कर दिया गया। पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर राधेश्याम को थाना सीबीगंज भेजने के बाद पुलिस ने आरोपी विजय और उसके पिता कृष्णपाल मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपी पहले से छात्रा से छेड़खानी कर रहा था। दो महीने पहले थाने में भी शिकायत की गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
छात्रा के परिजनों की तहरीर पर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। लापरवाही बरतने और क्षेत्र के विषय में जानकारी न होने पर थाना प्रभारी, हल्का इंचार्ज और बीट सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है--- घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी।
यह भी पढ़ें- बरेली: सिटी बस में शुरू होगा डिजिटल कार्ड, यात्री ऑनलाइन कर पाएंगे भुगतान
