Kanpur: रामलीला पार्क और सड़क पर गंदगी पर 16 पर कार्रवाई, 14 कर्मचारियों का एक दिन को वेतन रोका, दो सफाई निरीक्षक को नोटिस
कानपुर में रामलीला पार्क और सड़क पर गंदगी पर 16 पर कार्रवाई।
कानपुर में रामलीला पार्क और सड़क पर गंदगी पर 16 पर कार्रवाई। इसके साथ ही 14 कर्मचारियों का एक दिन को वेतन रोका गया। वहीं, दो सफाई निरीक्षक को नोटिस दिया गया।
कानपुर, अमृत विचार। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने बुधवार को नवरात्र, दुर्गापूजा व दशहरा पर जोन-3 में बारादेवी मन्दिर, किदवई नगर रामलीला मैदान, जंगली देवी मन्दिर, डब्लू ब्लाक साकेत नगर, उस्मानपुर का निरीक्षण किया। नगर निगम अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षदों के साथ किए गए निरीक्षण के दौरान पार्क और सड़क पर मिली गंदगी पर नगर आयुक्त ने 14 कर्मचारियों का एक दिन को वेतन रोकने के साथ दो सफाई निरीक्षकों को नोटिस जारी किया।
नगर आयुक्त सबसे पहले बारादेवी मन्दिर का निरीक्षण करने पहुंचे। मौके पर क्षेत्रीय पार्षद हरि स्वरूप तिवारी के साथ नगर आयुक्त को बारा दवी मन्दिर के पीछे की ओर गन्दगी मिली। मन्दिर के पीछे की सफाई व्यवस्था संतोषजनक न पाये जाने पर मौके पर सफाई कर्मचारी मुन्ना, राज नारायन, आउटसोर्स कर्मचारी भगवानदीन, ललित एवं सफाई नायक विशाल का एक दिन का वेतन रोकने के साथ-साथ सफाई निरीक्षक मनोज श्रीवास को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर आयुक्त ने किदवई नगर जंगेश्वर मन्दिर रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्क के सभी गेटों को सही करने, नया गेट लगाने,पार्क के बीच में लीकेज को सही करने, उखड़ी इंटरलॉकिंग सही करने के साथ ही गार्ड की तैनाती के निर्देश दिए। निरीक्षण मार्ग पर एक स्थान खाली कन्टेनर के बाहर काफी गन्दगी पायी गयी। जिसपर मौके पर सफाई कर्मचारी गुड़िया एवं आउटसोर्स कर्मचारी प्रेमलता तथा सफाई पर्यवेक्षक आजाद का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिये।
पॉश क्षेत्र साकेत नगर में बिखरा मिला कूड़ा
जोन-3 के अर्न्तगत कांशीराम कालोनी से गुलमोहर स्कूल तक साकेत नगर में सफाई व्यवस्था सही मिली। लेकिन, कई स्थलों पर कूड़ा बिखरा हुआ पाया गया। जिसपर सफाई कर्मचारी पूर्वीदीन एवं आउटसोर्स कर्मचारी महेश, सफाई पर्यवेक्षक सूरज तांबे का एक दिन का वेतन रोकने के साथ-साथ सफाई निरीक्षक देश दीपक सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
इसी तरह सुभाष स्मारक इंटर कालेज मार्ग पर कई स्थलों पर गन्दगी पायी गयी। यहां कई दिनों से सफाई नही हुई थी। मौके आउटसोर्स कर्मचारी भूरा, सावित्री और सूरज तांबे का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिये। निरीक्षण के समय जोनल अधिकारी चन्द्र प्रकाश, जोनल अभियन्ता आलोक पांडेय, जोनल स्वच्छता अधिकारी आशीष बाजपेयी, अधिशाषी अभियन्ता जलकल रहे।
