ऑपरेशन अजय: इजराइल से करीब 230 भारतीय लौटेंगे स्वदेश, विदेश मंत्रालय दी जानकारी

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

नई दिल्ली। ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत लगभग 230 भारतीयों के एक विशेष विमान (चार्टर्ड उड़ान) से शुक्रवार की सुबह इजराइल से स्वदेश लौटने की उम्मीद है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को दी। भारत ने यह अभियान उन भारतीयों की वापसी को सुविधाजनक बनाने के लिए शुरू किया है जो स्वदेश वापस आना चाहते हैं, क्योंकि सप्ताहांत में हमास आतंकवादियों द्वारा इजराइली शहरों पर किए गए सिलसिलेवार हमलों से क्षेत्र में नया तनाव उत्पन्न हो गया है। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बृहस्पतिवार को एक प्रेसवार्ता में कहा कि चार्टर्ड उड़ान के आज शाम तेल अवीव पहुंचने की उम्मीद है और यह शुक्रवार की सुबह लगभग 230 भारतीयों के पहले जत्थे को वापस लाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए हैं।’’ उन्होंने कहा कि लगभग 18,000 भारतीय वर्तमान में इजराइल में रह रहे हैं, जबकि लगभग 12 लोग वेस्ट बैंक में और तीन-चार लोग गाजा में हैं। 

हमास के हमलों में केरल के एक भारतीय देखभालकर्ता के घायल होने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘हम उस मामले से अवगत हैं। वह व्यक्ति अस्पताल में है और उसकी हालत में सुधार हो रहा है।’’ बागची ने कहा कि भारतीयों को वापस लाने के लिए और अधिक चार्टर्ड उड़ानों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यह घर लौटने की इच्छा व्यक्त करने वाले लोगों की संख्या पर निर्भर करेगा। 

उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भारतीय के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। सैन्य अधिकारियों ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने इजराइल से भारतीयों को वापस लाने के लिए किसी भी संभावित कदम के वास्ते अपने परिवहन विमान को तैयार रखा है। 

यह भी पढ़ें- ‘न्यूजक्लिक’ विवाद: दिल्ली हाईकोर्ट प्रबीर पुरकायस्थ की याचिका पर शुक्रवार को सुनाएगी फैसला

संबंधित समाचार