BHU कैंपस से लाखों के चंदन के पेड़ चोरी, सीसीटीवी से सुराग लगा रही पुलिस
वाराणसी, अमृत विचार। काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर से लाखों रुपये मूल्य के चन्दन पेड़ों की चोरी का मामला सामने आया हैं। विश्वविद्यालय के आयुर्वेद संकाय के द्रव्य गुण विभाग से ये बेशकीमती पेड़ चोरी हुए हैं। इस मामले की लिखित शिकायत विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर ऑफिस ने लंका पुलिस से की है। विश्वविद्यालय की ओर से दी कि लिखित शिकायत के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजकर 15 मिनट पर चौकीदार दीपक ने कंट्रोल रूम को जानकारी दी कि विभाग के 3 बेशकीमती पेड़ गायब हो गए है और मौके पर उनकी लकड़ियां भी नहीं है। इस शिकायत के बाद प्रोक्टरोरियल बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद इसकी लिखित शिकायत लंका पुलिस से की।
वहीं इस मामले में लंका थानाध्यक्ष अश्वनी पांडेय ने बताया कि बीएचयू की ओर से इसकी लिखित शिकायत मिली है.पुलिस की टीम मौके पर जांच पड़ताल में जुटी है। बताते चलें कि बीएचयू में बेशकीमती पेड़ों की चोरी का ये कोई पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी इसी विभाग से चंदन के पेड़ चोरी हुए थे। जिसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई थी। उस वक्त भी इसको लेकर काफी हंगामा हुआ था और अब एक बार फिर बीएचयू से बेशकीमती पेड़ो की चोरी से पूरे सुरक्षा तंत्र पर सवाल खड़े हो गए हैं।
द्रव्य गुण विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बी राम ने कहा कि हमारे विभाग से तीन पेड़ों की चंदन की लकड़ी चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज देखा जा रहा है, जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
ये भी पढ़ें -छात्रा को छेड़ने की शिकायत पर हरदोई पुलिस बोली - कैसे पकड़ें,फोटो दो
